सतीश शर्मा
रायपुर, 16 जून 2026
नया रायपुर (अटल नगर)। लंबे समय से प्रतीक्षित नवा रायपुर तहसील कार्यालय को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। प्रशासन ने इसके लिए स्थान का चयन कर लिया है और अब यह तहसील दफ्तर सेक्टर-19 स्थित पर्यावास भवन में संचालित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से शुरू कर दी गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, नवा रायपुर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में अब बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक ग्रामीणों को नामांतरण, जाति प्रमाण पत्र, भूमि रिकॉर्ड और सीमांकन जैसे कार्यों के लिए रायपुर और अन्य तहसीलों तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
राजस्व विभाग द्वारा दिसंबर 2025 में नवा रायपुर को स्वतंत्र तहसील का दर्जा दिए जाने के बाद अब इसका प्रशासनिक ढांचा तैयार किया जा रहा है। नई तहसील में पलौद, मंदिर हसौद, केंद्री, तोरला, सेरीखेरी और रायपुर-18 सहित 6 राजस्व निरीक्षक मंडल शामिल किए गए हैं।
इसके साथ ही 20 पटवारी हल्कों और कुल 39 गांवों को इस तहसील क्षेत्र में जोड़ा गया है। इसमें पलौद, परसदा, पसौद, रीको, सेंद, चीचा, चरौदा, नवागांव, खपरी, मंदिर हसौद, केंद्री, तुता, धरमपुरा, माना सहित कई गांव शामिल हैं।
प्रशासन का मानना है कि तहसील दफ्तर के शुरू होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही राजस्व सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी और प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी।
हालांकि, इसके औपचारिक शुभारंभ की तारीख अभी तय नहीं हुई है। अपर कलेक्टर के अनुसार एनआरडीए द्वारा भवन चिन्हांकित कर लिया गया है और आगे की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय लोगों में इस फैसले को लेकर उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही तहसील कार्यालय पूरी तरह से कार्य करना शुरू कर देगा।




