सतीश शर्मा
धरसींवा (छत्तीसगढ़), 16 जून 2026

सिलयारी क्षेत्र के बहुचर्चित नाबालिग से दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सौदेबाजी में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भूषण यादव उर्फ चबन्नी को गिरफ्तार किया है, जिस पर आरोप है कि वह मामले को दबाने और समझौता कराने की कोशिश में शामिल था।
इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जिनमें कथित पत्रकार, राजनीतिक दलों से जुड़े लोग, पीड़िता के परिजन और दो मुख्य आरोपी शामिल हैं।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि घटना के बाद मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए बड़ी रकम की सौदेबाजी की गई थी। शुरुआती जांच के आधार पर इस पूरे प्रकरण ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी काफी हलचल पैदा कर दी थी।
जांच के दौरान यह भी तथ्य सामने आया कि सौदेबाजी में पीड़िता के दादा सहित कुछ अन्य लोग भी शामिल थे। मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने एक के बाद एक आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू की।
इसी बीच जांच में लापरवाही पाए जाने पर सिलयारी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र दुबे को निलंबित कर दिया गया था और मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई थी।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।




