सतीश शर्मा
रायपुर, 11 जुलाई 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को अपने रायपुर स्थित निवास पर दैनिक लोकदेश के नवारंभ (रिलॉन्चिंग) कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर दैनिक लोकदेश के प्रधान संपादक तेजभान पाल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य भेंट कर उन्हें आगामी आयोजन की जानकारी दी और कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आगामी 22 जुलाई को रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित होने वाले दैनिक लोकदेश के नवारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों तथा मीडिया जगत की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
पोस्टर विमोचन के दौरान सुदर्शन न्यूज के राज्य प्रमुख योगेश मिश्रा, रत्नाकर त्रिपाठी, कौशिक कुमार मेवाड़ा, सतीश शर्मा तथा राहुल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। सभी ने दैनिक लोकदेश के नए स्वरूप और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए इस पहल को प्रदेश की पत्रकारिता के लिए सकारात्मक कदम बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दैनिक लोकदेश के नवारंभ के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनहितकारी पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि दैनिक लोकदेश समाज और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सकारात्मक पत्रकारिता की परंपरा को और मजबूत करेगा।
दैनिक लोकदेश के प्रधान संपादक तेजभान पाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवारंभ के साथ समाचार पत्र आधुनिक स्वरूप, नई ऊर्जा और जनसरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ पाठकों के बीच नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।




