4 Nov 2026, Wed
Breaking

नारायणपुर में योग दिवस पर केदार कश्यप ने दिलाया संकल्प: बोले- योग अपनाएं, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र बनाएं

 

नारायणपुर, 21 जून 2026। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नारायणपुर के कोटमहर गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने सहभागिता करते हुए जिलेवासियों को योग संकल्प की शपथ दिलाई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि योग, भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत, स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रयासों से योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली तथा आज यह एक वैश्विक जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। विश्व के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवन जी रहे हैं।

केदार कश्यप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करने वाली वैज्ञानिक जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से शांत तथा आत्मिक रूप से समृद्ध बनाता है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति से स्वस्थ परिवार, स्वस्थ परिवार से स्वस्थ समाज और स्वस्थ समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण होता है। इसलिए योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग करने, अपने परिवार के सदस्यों को इसके लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, स्वच्छ और व्यसनमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

पढ़ें   विश्व स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का सन्देश : ‘स्वास्थ्य ही हमारा सच्चा धन’, सरकार हर गाँव-शहर तक पहुंचाएगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने योग के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर केदार कश्यप ने उपस्थित नागरिकों को योग संकल्प की शपथ दिलाई और निरंतर योगाभ्यास करने का संदेश दिया।

बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन अपनाने का संकल्प लिया।

—///—

Share

 

 

 

 

 

You Missed