20 Sep 2026, Sun
Breaking

पंजाब से आकर छत्तीसगढ़ में बना ठिकाना: स्लीपर सेल सदस्य होने के आरोप में युवक गिरफ्तार, मोबाइल खंगाल रही पुलिस

 

जांजगीर-चांपा, 22 जून 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने के डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (23) निवासी तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है। वह अकलतरा में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस जांच में उसके मोबाइल फोन से व्हाट्सएप चैट, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद हुई है, जिनमें पाकिस्तान सहित कई विदेशी नंबरों से संपर्क के संकेत मिले हैं।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संवेदनशील स्थानों, महत्वपूर्ण व्यक्तियों और अन्य जानकारियों से संबंधित सूचनाएं एकत्र कर विदेश भेज रहा था। पुलिस को आशंका है कि उसका संबंध एक बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से हो सकता है।

मामले का खुलासा किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान हुआ। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर मामले में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े इस मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पुलिस और अन्य एजेंसियां आरोपी के संपर्कों तथा गतिविधियों की गहन पड़ताल कर रही हैं।

Share
पढ़ें   रायपुर में युवती की निजी फोटो वायरल करने का मामला, आरोपी गुजरात से गिरफ्तार; भाई और परिजनों को भेजी थीं आपत्तिजनक तस्वीरें

 

 

 

 

 

You Missed