28 Sep 2026, Mon
Breaking

बिलासपुर में बकरा-बकरी चोर गिरोह का भंडाफोड़: खेत समतलीकरण के बहाने करते थे रेकी, 6 आरोपी गिरफ्तार

 

बिलासपुर, 28 जून 2026। बिलासपुर पुलिस ने बकरा-बकरी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रतनपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से डेढ़ लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रतनपुर थाना क्षेत्र के चकराभाठा गांव की है। 19 जून की रात अज्ञात चोरों ने बकरी कोठा की दीवार तोड़कर 19 बकरा-बकरियों की चोरी कर ली थी। पीड़ित की शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे स्कॉर्पियो से गांव-गांव घूमकर खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने रेकी करते थे। जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में बकरा-बकरियां दिखाई देती थीं, वहां रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

आरोपियों ने चोरी किए गए 19 बकरा-बकरियों को एक लाख 75 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बिक्री की रकम में से डेढ़ लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली गई है।

पुलिस ने सभी छह आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। रतनपुर पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने प्रदेश के अन्य जिलों या पड़ोसी राज्यों में भी इसी तरह की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Share
पढ़ें   जन्मदिन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को दी शुभकामनाएं, कहा- आपका नेतृत्व पूरे देश के लिए प्रेरणास्त्रोत

 

 

 

 

 

You Missed