29 Jun 2026, Mon

धमतरी के सत्यांशु दीप का बड़ा कमाल: भारतीय फुटबॉल टीम में मिली जगह, अब स्वीडन में दिखाएंगे दम

सतीश शर्मा 

रायपुर, 29 जून 2026/ धमतरी जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का क्षण है। समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित विशेष विद्यालय ‘सार्थक स्कूल’ के विशेष छात्र सत्यांशु दीप का चयन स्पेशल ओलंपिक्स भारत (Special Olympics Bharat) की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम में हो गया है। सत्यांशु आगामी 12 से 16 जुलाई 2026 तक स्वीडन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया ट्रॉफी 2026 (Special Olympics Gothia Trophy 2026) अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

सत्यांशु दीप की यह ऐतिहासिक उपलब्धि न केवल धमतरी जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल कौशल का यह उत्कृष्ट उदाहरण साबित करता है कि यदि उन्हें उचित प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और अवसर मिले, तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का परचम लहरा सकते हैं।

उचित मार्गदर्शन और लगन से मिला मुकाम

विद्यालय परिवार के अनुसार, सत्यांशु ने यह मुकाम कड़े एवं नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और मैदान पर बेहतरीन खेल प्रदर्शन के दम पर हासिल किया है। उनकी यह सफलता अन्य विशेष बच्चों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

 

 

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित एवं अनुदानित विशेष विद्यालयों का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल, जीवनोपयोगी कौशल और व्यक्तित्व विकास के समान अवसर उपलब्ध कराना है। सत्यांशु का चयन विभाग के इन प्रयासों की सार्थकता को प्रमाणित करता है।

कलेक्टर ने दीं शुभकामनाएँ, विश्व मंच पर चमकेगा धमतरी का नाम

इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि यह सफलता सत्यांशु की कड़ी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सत्यांशु दीप, उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों, विद्यालय परिवार एवं समाज कल्याण विभाग को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे स्वीडन में होने वाली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत, छत्तीसगढ़ और धमतरी का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

पढ़ें   रायपुर में आधी रात हाईवोल्टेज ड्रामा: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मचाया तांडव, युवक हिरासत में; कांग्रेस ने कहा—हमारा कोई पदाधिकारी नहीं

उन्होंने कहा कि सत्यांशु की सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती। यह उपलब्धि समावेशी शिक्षा, खेल संस्कृति और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर है।

अभिभावकों और गुरुओं का मिला सतत सहयोग

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं प्रशिक्षकों ने सत्यांशु के उज्ज्वल भविष्य और आगामी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उनके माता-पिता को भी बधाई दी, जिनके निरंतर सहयोग, अटूट विश्वास और प्रोत्साहन ने सत्यांशु को इस अंतर्राष्ट्रीय मुकाम तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे धमतरी जिले को विश्वास है कि स्वीडन की धरती पर सत्यांशु दीप अपने खेल कौशल से भारत का मान और बढ़ाएंगे।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *