2 Oct 2026, Fri
Breaking

एक्सीडेंट कॉल में लापरवाही पड़ी महंगी: डायल-112 के आरक्षक पर गिरी गाज, पुलिस ने किया सस्पेंड

सतीश शर्मा 

रायपुर, 02 जुलाई 2026। राजधानी रायपुर में डायल-112 की आपातकालीन सेवा में तैनात एक आरक्षक को ड्यूटी में लापरवाही और घटनास्थल पर अमर्यादित व्यवहार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग ने स्पष्ट संदेश दिया है कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, 30 जून 2026 की रात करीब 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच सड़क दुर्घटना हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 को मौके पर पहुंचकर राहत और सहायता उपलब्ध करानी थी, लेकिन आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात आरक्षक संदीप शर्मा निर्धारित समय पर घटनास्थल नहीं पहुंचे।

मामले की जांच में यह भी सामने आया कि आरक्षक का घटनास्थल पर मौजूद लोगों के साथ व्यवहार अमर्यादित था। शिकायत और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, आरक्षक संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डायल-112 जैसी आपातकालीन सेवा में तैनात कर्मचारियों से त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। ऐसे मामलों में लापरवाही या अनुचित आचरण पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Share
पढ़ें   **छत्तीसगढ़ को केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की ओर से 11 हजार करोड़ की सौगात, चार प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों का होगा विकास, सड़कों के विस्तार से औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगी नई दिशा**

 

 

 

 

 

You Missed