सतीश शर्मा
रायपुर, 03 जुलाई 2026

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी (ज़ोन-27) द्वारा शांति नगर स्थित विमतारा हॉल में भव्य “डॉक्टर्स डे सेलिब्रेशन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले करीब 100 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका रहे, जबकि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के अध्यक्ष डॉ. निखिल मोतिरमानी ने स्वागत भाषण में बताया कि संस्था समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करती है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और जागरूकता पहुंचाना है।
संस्था के सचिव डॉ. अविनाश तिवारी ने कहा कि जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था नियमित रूप से जनजागरूकता कार्यक्रमों और जनसेवा गतिविधियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में श्री बालाजी मेडिकल कॉलेज एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. देवेंद्र नाइक तथा संजीवनी कैंसर केयर एवं ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स के चेयरमैन डॉ. यूसुफ मेमन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, जेसीआई इंडिया के पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं मुख्य मेंटर डॉ. मनीष गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में चिकित्सकों के नेतृत्व, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व पर प्रेरक उद्बोधन दिया।
राज्यपाल बोले- डॉक्टर समाज के सच्चे जीवनरक्षक
अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि चिकित्सक केवल बीमारियों का इलाज नहीं करते, बल्कि अपने ज्ञान, सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं से समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों का योगदान किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और उनका निस्वार्थ सेवा भाव पूरे समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्यपाल ने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके अमूल्य योगदान की सराहना की।
पुरंदर मिश्रा ने भी की सराहना
रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि चिकित्सक हर परिस्थिति में मानवता की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। उनका समर्पण और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा पूरा समाज उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा।
100 डॉक्टरों का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले लगभग 100 वरिष्ठ चिकित्सकों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित चिकित्सकों का उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, जेसीआई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन का संचालन और समन्वय जेसीआई रायपुर मेडिको सिटी के अध्यक्ष डॉ. निखिल मोतिरमानी, आईपीपी डॉ. विकास गोयल, कार्यक्रम निदेशक डॉ. अनिल गुप्ता, सचिव डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. सुमेधा श्रीवास्तव, डॉ. मनीष गुप्ता, डॉ. जितेंद्र सराफ सहित पूरी आयोजन समिति के नेतृत्व में संपन्न हुआ।




