22 Nov 2026, Sun

अब नहीं होगा 16 जून का इंतजार: छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, 1 अप्रैल से खुलेंगे स्कूल; पहले दिन ही किताबें, साइकिल और यूनिफॉर्म

सतीश शर्मा

रायपुर, 09 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में एक ऐतिहासिक बदलाव करने का फैसला लिया है। शैक्षणिक वर्ष 2027-28 से प्रदेश में नया शैक्षणिक सत्र अब 01 अप्रैल से 31 मार्च तक संचालित होगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

16 जून से शुरू होने वाला सत्र होगा खत्म

जारी निर्देशों के अनुसार, वर्तमान में 16 जून से 30 अप्रैल तक चलने वाली शिक्षा सत्र की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। इसकी जगह अब देश के प्रमुख शिक्षा बोर्डों की तर्ज पर 01 अप्रैल से 31 मार्च तक शैक्षणिक सत्र संचालित किया जाएगा।

हालांकि, ग्रीष्मकालीन अवकाश में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विद्यार्थियों को 01 मई से 15 जून तक पहले की तरह ही समर वेकेशन मिलेगा।

सत्र के पहले दिन ही मिलेंगी सभी सुविधाएं

स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अब हर वर्ष 01 अप्रैल को सत्र शुरू होने के साथ ही शाला प्रवेश उत्सव, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण, सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल वितरण, स्कूली यूनिफॉर्म, तथा अन्य छात्रहितैषी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा।

पढ़ाई होगी अधिक व्यवस्थित और प्रभावी

सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को सत्र के पहले दिन से ही पढ़ाई के लिए आवश्यक पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, साइकिल और अन्य सुविधाएं समय पर मिल सकेंगी। इससे छात्रों का समय बचेगा और विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बन सकेगी।

Share
पढ़ें   आज की बड़ी खबरें : CM विष्णुदेव साय बस्तर में आत्मसमपर्ण करने वाले नक्सलियों का करेंगे स्वागत...200 से अधिक नक्सली मुख्यधारा से जुड़ेंगे...DEPUTY CM VIJAY SHARMA बीजेपी कार्यालय में सुनेंगे आमजन और कार्यकर्ताओं की समस्याएं...