रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी जिले में बाढ़ जैसी स्थिति बनती है तो प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत और बचाव कार्य पहुंचाया जाए तथा किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार मानसून की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों में कोई बाधा न आए।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने एक दिवसीय दिल्ली प्रवास की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि वह बुधवार रात दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां विश्व के सबसे बड़े आदिवासी उत्सव बस्तर दशहरा से जुड़े मांझी, चालकी और मुड़िया जनजाति के प्रतिनिधिमंडल की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से होने वाली मुलाकात में शामिल होंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय रायगढ़ दौरे पर रहेंगे। उन्होंने प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह हर वर्ष बनोरा आश्रम जाकर पूज्य बाबा का आशीर्वाद लेते हैं। उन्होंने बताया कि इस पावन स्थल पर पूज्य श्री संत नारायण पिछले 30 से अधिक वर्षों से तपस्या कर रहे हैं और उन्हें उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिलता है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।





