30 Jul 2026, Thu

कटहल खाने पेड़ पर चढ़ा भालू, ग्रामीणों के शोर से 20 फीट गहरे कुएं में गिरा; 15 घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला

कोरबा, 30 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल अंतर्गत केंदई वन परिक्षेत्र के ग्राम छिंदिया में भोजन की तलाश में जंगल से निकला एक भालू कटहल खाने के लिए पेड़ पर चढ़ गया। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों के शोर से घबराकर भागते समय भालू करीब 20 फीट गहरे खुले सूखे कुएं में गिर गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 15 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकालकर जंगल में छोड़ दिया।

घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। गांव के पूर्व सरपंच बारेलाल सिंह की बाड़ी में लगे कटहल के पेड़ पर भालू फल खा रहा था। परिवार के एक सदस्य ने उसे देखकर शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। भीड़ और आवाज से घबराया भालू तेजी से भागा, लेकिन बाड़ी में बने बिना मुंडेर वाले खुले कुएं को नहीं देख पाया और उसमें जा गिरा।

सूचना मिलने पर केंदई वन परिक्षेत्र की टीम ने कुएं के आसपास सुरक्षा घेरा बनाकर लोगों को दूर किया। शुरुआत में वन कर्मियों ने बांस की मजबूत सीढ़ी कुएं में उतारी ताकि भालू खुद बाहर निकल सके, लेकिन कई घंटों तक इंतजार के बावजूद वह बाहर नहीं आ सका।

 

 

इसके बाद वन विभाग ने रणनीति बदलते हुए जेसीबी मशीन की मदद से कुएं के एक किनारे की मिट्टी हटाकर ढलान तैयार किया। शाम ढलने के बाद भालू धीरे-धीरे उस ढलान पर चढ़ा और सुरक्षित बाहर निकलकर जंगल की ओर चला गया। इस सफल अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक कुमार दुबे, वन विभाग के कर्मचारी, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीणों ने अहम भूमिका निभाई।

पढ़ें   बुद्ध जयंती पर CM विष्णुदेव साय और स्पीकर रमन सिंह ने भोंगापाल में की पूजा-अर्चना, बौद्ध साधुओं के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना

वन विभाग ने बताया कि बारिश और जंगलों में भोजन की कमी के कारण भालू अक्सर फलों की तलाश में गांवों तक पहुंच जाते हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यजीव दिखने पर शोर मचाने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें। साथ ही बिना मुंडेर वाले खुले कुओं के चारों ओर सुरक्षा दीवार या मजबूत घेरा बनाने की सलाह भी दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से वन्यजीवों को बचाया जा सके।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *