16 Sep 2026, Wed
Breaking

झांसी-ललितपुर हाईवे पर हादसा: किरण सिंह देव मेदांता अस्पताल रेफर, डॉक्टर बोले—‘खतरे से बाहर’

 

 

रायपुर, 30 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को उत्तर प्रदेश के ललितपुर में हुए सड़क हादसे के बाद बेहतर इलाज के लिए गुरुवार सुबह दिल्ली रेफर किया गया। उन्हें मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हादसे में उनके पैर और कमर में चोट आई है।

जानकारी के मुताबिक, किरण सिंह देव गुरु पूर्णिमा के अवसर पर अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन करने गए थे। लौटते समय झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी वाहन में मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी कार में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर करने का निर्णय लिया गया।

बताया गया है कि इस सड़क हादसे में किरण सिंह देव के वाहन चालक को भी चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।

Share
पढ़ें   सरगुजा संभाग में सड़कों का होगा कायाकल्प, 6 जिलों में 44 प्रोजेक्ट को मंजूरी; 1,093 करोड़ रुपए होंगे खर्च

 

 

 

 

 

You Missed