रायपुर, 31 जुलाई 2026
सावन माह की शुरुआत के साथ राजधानी रायपुर में कांवड़ यात्राओं को देखते हुए नगर पालिक निगम की महापौर मीनल चौबे ने सभी जोन कमिश्नरों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। महापौर ने कहा है कि कांवड़ यात्रा के मार्गों पर खुले में मांस का विक्रय तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महापौर ने ऑनलाइन बैठक के माध्यम से सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित करते हुए कहा कि सावन माह के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की आस्था का सम्मान करते हुए प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाए। विशेष रूप से लाखेनगर चौक से महादेवघाट और रायपुरा मार्ग पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने तथा खुले में मांस बेचते पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में महापौर ने मानसून के दौरान शहर के सभी मुक्तिधाम परिसरों में जलभराव की समस्या पर भी गंभीरता से ध्यान देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी भी मुक्तिधाम में पानी भरने की स्थिति बनती है तो संबंधित जोन कमिश्नर स्वयं मौके पर पहुंचकर जल निकासी और आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करें।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि सावन माह में श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक आस्था का सम्मान और शहर की स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।





