17 Sep 2026, Thu
Breaking

‘प्रेमी को बुलाओ, शादी कराओ’… सूरजपुर में थाने के टावर पर चढ़ी युवती, 4-5 घंटे चला ड्रामा, पुलिस ने बचाई जान

 

सूरजपुर, 31 जुलाई 2026

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 20 वर्षीय एक युवती थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती अपने प्रेमी को थाने बुलाकर उससे शादी कराने की मांग कर रही थी। घटना के चलते थाना परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 4 से 5 घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने समझाइश देकर युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

बयान दर्ज कराने आई थी, अचानक टावर पर चढ़ गई

जानकारी के मुताबिक युवती ने कुछ समय पहले अपने प्रेमी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी मामले में बयान दर्ज कराने के लिए उसे शुक्रवार को चांदनी थाना बुलाया गया था। बयान की प्रक्रिया के दौरान युवती अचानक थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई, जिससे पुलिस और मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

कई सालों से था प्रेम संबंध

बताया जा रहा है कि युवती और युवक पिछले 3 से 4 वर्षों से प्रेम संबंध में थे। युवती का आरोप है कि उसका प्रेमी कई महीने पहले उसे छोड़कर चला गया और तब से उसका मोबाइल भी बंद है। इसी बात से नाराज होकर वह पुलिस से प्रेमी को थाने बुलाने और दोनों की शादी कराने की मांग करने लगी।

परिवार और ग्रामीणों ने भी समझाया

घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिजन, गांव के सरपंच, उपसरपंच और कई ग्रामीण थाना परिसर पहुंच गए। सभी ने युवती को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही और टावर से नीचे उतरने से इनकार करती रही।

पढ़ें   अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025 : राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों के 'मंथन बैठक' में शामिल हुए मंत्री केदार कश्यप, सहकारिता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सरकार के विजन को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह से चर्चा

पुलिस ने जोखिम उठाकर बचाई जान

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मी रेडियो टावर पर चढ़े और काफी देर तक युवती को समझाते रहे। लगभग 5 घंटे की मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे शांत कराया और उसके परिजनों से भी बातचीत की।

जांच जारी

पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान काफी देर तक थाना परिसर में लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed