18 Sep 2026, Fri
Breaking

CG में 45 करोड़ के नकली नोट का सौदा, 1.13 करोड़ लेकर फरार: सोशल मीडिया से कारोबारी को फंसाया, रायपुर-महाराष्ट्र में हुईं कई बैठकें

रायपुर, 04 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर में नकली नोटों के नाम पर करोड़ों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि 45 करोड़ रुपए के नकली नोट उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगों ने एक कारोबारी से 1 करोड़ 13 लाख रुपए एडवांस ले लिए और फरार हो गए। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, प्राइवेट फर्म संचालक उमेश गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर नकली नोटों से जुड़े वीडियो देखने के बाद उनकी आरोपियों से पहचान हुई। बातचीत के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास बड़ी मात्रा में नकली नोट उपलब्ध हैं और वे 1.13 करोड़ रुपए के बदले 45 करोड़ रुपए के नकली नोट मुहैया करा सकते हैं।

रायपुर और महाराष्ट्र में हुईं कई बैठकें

शिकायत के अनुसार, इस कथित सौदे को लेकर रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र के विभिन्न होटलों में कई दौर की बैठकें हुईं। इसके बाद आरोपियों ने कारोबारी को महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में भी बुलाया, जहां सौदे की शर्तों पर चर्चा हुई। भरोसा जीतने के बाद कारोबारी ने अलग-अलग किश्तों में कुल 1.13 करोड़ रुपए नकद आरोपियों को सौंप दिए।

खेप आने का बहाना बनाकर करते रहे टालमटोल

रकम मिलने के बाद आरोपी लगातार नकली नोटों की खेप तैयार होने, सुरक्षा व्यवस्था और डिलीवरी में देरी का हवाला देकर समय टालते रहे। काफी इंतजार के बाद भी न तो नकली नोट मिले और न ही एडवांस की रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पढ़ें   CM विष्णुदेव साय ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ को 186 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी : भारत माता चौक से कोसीर चौक तक 5 करोड़ में गौरव पथ बनेगा, सारंगढ़ में 3 करोड़ रुपये से पीजी कॉलेज भवन निर्माण का ऐलान

दो एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस इस पूरे मामले की दो पहलुओं से जांच कर रही है। पहला, 1.13 करोड़ रुपए की कथित ठगी, और दूसरा, एफआईआर में दर्ज उस दावे की जांच कि बड़ी मात्रा में नकली नोटों की सप्लाई और उन्हें बाजार में खपाने की साजिश रची जा रही थी।

जांच के तहत होटल के रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल, यात्रा संबंधी दस्तावेज, नकद लेन-देन और महाराष्ट्र में हुई बैठकों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कथित गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इससे जुड़े अन्य मामले भी सामने आए हैं।

पुलिस अधिकारियों ने मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच तेज कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed