20 Sep 2026, Sun
Breaking

शराब पी, फिर लगी तैराकी की शर्त: अकलतरा के तालाब में डूबा युवक, देखते रह गए दोस्त, नहीं बच सकी जान

जांजगीर-चांपा/सक्ती, 06 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में दोस्तों के बीच लगी तैराकी की शर्त एक युवक की जान ले गई। कटघरी निवासी दीपक कंवर (25) की पंडरिया तालाब में डूबने से मौत हो गई। वहीं, सक्ती जिले के प्रसिद्ध नगरदा वाटरफॉल में फिसलकर गिरने से कोरबा के एक युवक की भी जान चली गई। लगातार हुई इन दो घटनाओं ने तालाबों और पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार दीपक कंवर सोमवार सुबह अपने एक दोस्त के साथ पंडरिया तालाब नहाने गया था। बताया जा रहा है कि दोनों ने तालाब किनारे शराब का सेवन किया। इसके बाद तालाब के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी। दीपक ने तालाब में छलांग लगाई, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद वह गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा। उसका दोस्त उसे बचाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन तब तक वह पानी की गहराई में समा चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय तैराकों की मदद से काफी देर तक तलाश अभियान चलाया गया, जिसके बाद दीपक का शव तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले ही पंडरिया तालाब का गहरीकरण कराया गया था, जिससे कई हिस्सों में पानी पहले की तुलना में अधिक गहरा हो गया है। आशंका जताई जा रही है कि युवक इसी गहराई में फंसने के कारण बाहर नहीं निकल सका।

पढ़ें   CGBSE 10वीं रिजल्ट जारी: 99% अंक के साथ 3 छात्र टॉपर, महासमुंद की 2 बेटियों ने मारी बाजी, टॉप-10 में 42 स्टूडेंट्स शामिल

इधर, सक्ती जिले के प्रसिद्ध नगरदा वाटरफॉल में भी मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम देवकमाल निवासी राहुल उर्फ रोशन पटेल अपने दोस्तों के साथ घूमने और स्नान करने पहुंचा था। लगातार बारिश के कारण चट्टानों पर जमी काई की वजह से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद साथी उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में नगरदा वाटरफॉल क्षेत्र में यह दूसरी जानलेवा घटना है। उन्होंने प्रशासन से पर्यटन स्थल पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और लाइफगार्ड की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Share

 

 

 

 

 

You Missed