22 Sep 2026, Tue
Breaking

अमित शाह के बयान की मांग पर संसद में हंगामा: विपक्ष ने लगाए नारे, रिजिजू बोले- जवाब देने वाला मंत्री विपक्ष तय नहीं करेगा

नई दिल्ली, 07 अगस्त 2026

संसद के मानसून सत्र के दौरान शुक्रवार को पेलेट गन के इस्तेमाल के मुद्दे पर विपक्ष ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आकर बयान देने की मांग करते हुए नारेबाजी की। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्ष ने लोकसभा में ‘होम मिनिस्टर सदन में आओ’ के नारे लगाए। वहीं राज्यसभा में भी विपक्षी सांसदों ने ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ जैसे नारे लगाए, जिसके चलते सदन में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

रिजिजू बोले- विपक्ष तय नहीं करेगा कौन जवाब देगा

विपक्ष की मांग पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कौन जवाब देगा, यह विपक्ष तय नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि जिस विषय का सदन में बिजनेस होता है, उससे संबंधित मंत्री ही उस पर जवाब देते हैं।

रिजिजू ने विपक्ष पर सदन की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सुबह से शाम तक संसद में रहते हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री सुबह संसद भवन आते हैं और देर रात वापस जाते हैं, इसलिए उनके खिलाफ इस तरह नारे लगाना उचित नहीं है।

‘अमित शाह का नाम सुनकर आतंकवादी कांपते हैं’

लोकसभा में अमित शाह का जिक्र करते हुए रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्री वह व्यक्ति हैं, जिनका नाम सुनकर आतंकवादी और उग्रवादी कांप उठते हैं। उन्होंने विपक्ष से कहा कि जब गृह मंत्री सदन में जवाब देंगे, तब उन्हें सुनना पड़ेगा।

विपक्ष लगातार पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांग रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता विपक्ष राहुल गांधी भी इस मामले में गृह मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग कर चुके हैं।

पढ़ें   CG में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव : 18 जनवरी के बाद होगी आचार संहिता की घोषणा, पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची की अंतिम प्रकाशन की तिथि बढ़ी

इस मुद्दे पर संसद में लगातार गतिरोध बना हुआ है। शुक्रवार को भी विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के कारण सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी।

Share

 

 

 

 

 

You Missed