8 Aug 2026, Sat
Breaking

छत्तीसगढ़ में मानसून फिर एक्टिव: सरगुजा, जशपुर समेत 6 जिलों में रेड अलर्ट; भारी बारिश-बिजली गिरने की चेतावनी

रायपुर, 08 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 8 अगस्त को प्रदेश के छह जिलों सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कोरबा और गरियाबंद में रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां सबसे ज्यादा प्रभावी रहेंगी। वहीं प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटे में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में नमी बढ़ेगी और बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

मानसून सिस्टम के कई प्रभाव सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ वर्तमान में गंगानगर, दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, रांची और दीघा होते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। झारखंड के आसपास भी एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन सभी मौसम प्रणालियों का असर छत्तीसगढ़ में दिखाई देगा।

 

 

कई इलाकों में 50 मिमी तक बारिश

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। लटोरी, बलरामपुर, बीजापुर, ओडगी, दौरा कोचली, प्रतापपुर, बेलतरा और पाली में करीब 50 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

वहीं भोपालपटनम, मरवाही, रामचंद्रपुर, मुंगेली, कोटा और जगरगुंडा में करीब 40 मिमी, जबकि रतनपुर, तमनार, कुनकुरी, छाल, कुसमी, अंबिकापुर और भैरमगढ़ सहित कई इलाकों में 33 मिमी तक बारिश दर्ज हुई।

पढ़ें   CG IPS TRANSFAR : 9 IPS अफसरों का तबादला, प्रभात कुमार से लेकर रॉबिन्सन गुरिया तक को सौंपी गई नई जिम्मेदारी, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

रायपुर में भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शहर में एक-दो दौर की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।

टाटामारी में बादलों ने बढ़ाई खूबसूरती

कोंडगांव जिले के केशकाल स्थित प्रसिद्ध टाटामारी पर्यटन स्थल पर शुक्रवार को पहाड़ियों और हरियाली के बीच उमड़े बादलों ने प्राकृतिक सौंदर्य को और आकर्षक बना दिया। पहाड़ियों के ऊपर उड़ते बादलों का नजारा देखने के लिए लोगों को मनमोहक दृश्य देखने को मिला। बादलों ने एक बार फिर इलाके में अच्छी बारिश की उम्मीद बढ़ा दी।

प्रदेश में सामान्य से 8% कम बारिश

छत्तीसगढ़ में अब तक 611 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य बारिश का आंकड़ा 660.8 मिमी है। इस हिसाब से प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 8% कम बारिश हुई है। हालांकि मानसून की स्थिति समग्र रूप से सामान्य बनी हुई है, लेकिन अलग-अलग जिलों में बारिश का अंतर काफी ज्यादा है।

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सामान्य से 60%, नारायणपुर में 44%, जांजगीर-चांपा में 33%, बलौदाबाजार में 31%, महासमुंद में 29% और गरियाबंद में 20% अधिक बारिश हुई है।

इसके विपरीत सरगुजा में 53%, जशपुर में 47%, बेमेतरा में 40%, कांकेर में 30%, कबीरधाम में 23%, सूरजपुर में 21% और कोरिया में 20% बारिश की कमी बनी हुई है।

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed