27 Sep 2026, Sun
Breaking

असम में बाढ़ का कहर: CM साय ने सरमा से फोन पर की चर्चा, छत्तीसगढ़ सरकार देगी ₹5 करोड़ की मदद

रायपुर, 09 अगस्त 2026। असम में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए ₹5 करोड़ की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और इस कठिन समय में असम के लोगों के साथ छत्तीसगढ़ की एकजुटता जताई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। उन्होंने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए राज्य सरकार की ओर से ₹5 करोड़ की सहायता राशि देने की बात कही।

असम में बाढ़ की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस साल बाढ़ से 99 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1.47 लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं। कई इलाकों में घर और सड़कें जलमग्न होने के कारण लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ रही है।

असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 12 जिले अभी भी बाढ़ से प्रभावित हैं। इनमें सोनितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजाई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराईदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और बिस्वनाथ शामिल हैं।

गोलाघाट सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां करीब 61,735 लोग बाढ़ की चपेट में हैं। इसके बाद शिवसागर में 43,492 और जोरहाट में 24,283 लोग प्रभावित हैं। हालांकि, शुक्रवार की तुलना में प्रभावित लोगों की संख्या में कुछ कमी आई है। शुक्रवार को 13 जिले बाढ़ से प्रभावित थे और प्रभावित आबादी 1.55 लाख से अधिक थी।

पढ़ें   रायपुर के मुजगहन इलाके में 20 लाख की लूट : अज्ञात बदमाशों ने युवक को घेरकर दी वारदात को अंजाम, पुलिस ने घेराबंदी कर शुरू की जांच, सुरक्षा को लेकर इलाके में दहशत का माहौल

मुख्यमंत्री साय के इस निर्णय से असम में जारी राहत और पुनर्वास कार्यों को सहयोग मिलने की उम्मीद है।

Share

 

 

 

 

 

You Missed