25 Sep 2026, Fri
Breaking

बलौदाबाजार में नकाबपोश चोरों का धावा: शटर तोड़कर दुकान में घुसे, CCTV कैमरे का तार काटा, गल्ले से 10 हजार रुपए लेकर फरार

बलौदाबाजार, 11 अगस्त 2026

बलौदाबाजार शहर के दशहरा मैदान रोड स्थित एवन डेली निड्स दुकान में सोमवार देर रात नकाबपोश चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखी नकदी पार कर दी। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, चोरी से पहले दो आरोपियों ने दुकान के आसपास रेकी की। इसके बाद अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों ने वारदात को अंजाम दिया। एक आरोपी दुकान के बाहर निगरानी करता रहा, जबकि दूसरा शटर तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। दुकान में घुसते ही आरोपी ने CCTV कैमरे का तार काट दिया और दूसरे कैमरे का रुख दूसरी तरफ घुमा दिया।

हालांकि, दुकान के बाहर लगे कैमरे में आरोपियों की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। फुटेज के आधार पर पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सुबह जब दुकानदार अभिषेक केसरवानी दुकान खोलने पहुंचा तो उसे शटर खुला मिला। अंदर जाकर जांच करने पर चोरी का पता चला। इसके बाद उसने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान के गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपए नकद चोरी हुए हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिला मुख्यालय में इससे पहले भी चोरी और उठाईगिरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में आरोपियों के नहीं पकड़े जाने से रात की पुलिस गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Share
पढ़ें   ‘दृश्य संवाद 2026’ में दिखे छत्तीसगढ़ के रंग, मुख्यमंत्री साय ने फोटो प्रदर्शनी में देखीं प्रकृति, संस्कृति और जनसरोकार की तस्वीरें