13 Aug 2026, Thu

ट्रक में ठूंस-ठूंसकर 46 गौवंश की तस्करी: पुलिस ने घेरा तो जंगल में वाहन छोड़कर भागे तस्कर, 7 गौवंश की मौत

रायगढ़, 13 अगस्त 2026

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक 14 चक्का ट्रक से 46 गौवंश बरामद किए, जिन्हें कथित तौर पर क्षमता से अधिक संख्या में बेहद अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाया जा रहा था। इनमें 7 गौवंश मृत मिले, जबकि 39 जीवित गौवंश को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।

जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात करीब 2:20 बजे धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक के जरिए जंगल के रास्ते गौवंश को तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े ने मुखबिरों को सक्रिय किया और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कराई।

पुलिस को ट्रक के बरसापाली जंगल की ओर जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम को जंगल मार्ग पर घेराबंदी और कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। पुलिस की मौजूदगी की भनक लगते ही ट्रक में सवार कथित पशु तस्कर वाहन को जंगल में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

 

 

पुलिस टीम ने जंगल में तिरपाल से ढके लावारिस हालत में खड़े ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 की तलाशी ली। ट्रक के अंदर 46 गौवंश बेहद खराब परिस्थितियों में मिले। पुलिस के मुताबिक, ट्रक में पर्याप्त चारा-पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। इनमें 7 गौवंश की मौत हो चुकी थी।

पुलिस टीम ने तत्काल ट्रक से जीवित गौवंश को बाहर निकाला और उनका रेस्क्यू किया। 39 जीवित गौवंश को कांजी हाउस धरमजयगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनके लिए चारा-पानी की व्यवस्था की गई।

पढ़ें   ग्राम गौरव सम्मान एवं दीपावली मिलन समारोह में शहीद भारत लाल साहू और नंदेश्वरी साहू को किया गया सम्मानित, विराट हास्य कवि सम्मेलन में क्षेत्र के कवियों ने बांधा समां

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, सहायक उप निरीक्षक मंजू मिश्रा, प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

धरमजयगढ़ पुलिस ने ट्रक चालक और फरार पशु तस्करों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 10 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed