छत्तीसगढ़, 12 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ की सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रही तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के दो अलग-अलग जिलों कवर्धा और कोरबा में हुए भीषण सड़क हादसों ने पांच जिंदगियां छीन लीं। कवर्धा में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक महिला और बच्चे समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से एक युवक ने दम तोड़ दिया। इन दर्दनाक हादसों के बाद दोनों इलाकों में शोक का माहौल है।

कवर्धा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, चार की मौत

पहली और सबसे दर्दनाक घटना कवर्धा जिले की है। यहां बनिया और गौरमाटी के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार चार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे में दो पुरुष, एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर ने चार जिंदगियां एक झटके में खत्म कर दीं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोरबा में तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, युवक की मौत
दूसरी घटना ऊर्जाधानी कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मंगलवार रात ईमलीडुग्गू रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक अमित सागर को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अमित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सड़क पर कब थमेगा मौत का यह तांडव?
कवर्धा से कोरबा तक हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं दोपहिया वाहनों की आमने-सामने की भिड़ंत तो कहीं भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार लोगों की जिंदगी निगल रही है। सवाल यही है कि आखिर सड़कों पर कब तक लापरवाही और रफ्तार का यह खेल यूं ही लोगों की जान लेता रहेगा?


