4 Oct 2026, Sun

CG Weather: अगले 3 दिन झमाझम बारिश के आसार, सरगुजा में 29 सेमी पानी गिरा; IMD ने वज्रपात को लेकर किया अलर्ट

रायपुर, 20 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उत्तरी झारखंड और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी बिहार व दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर अब प्रदेश के मौसम पर दिखाई दे रहा है। इसके चलते उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि 20 अगस्त से भारी बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है।

सरगुजा में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे में सरगुजा संभाग में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। कुसमी में 29 सेंटीमीटर, जबकि बलरामपुर और चांदो में 14-14 सेंटीमीटर बारिश हुई। डौराकोचली में 13, सामरी में 12, रघुनाथनगर और रामानुजगंज में 11-11 सेंटीमीटर पानी गिरा।

इसके अलावा शंकरगढ़ में 10, वाड्रफनगर और भटगांव में 9-9 तथा रामचंद्रपुर में 9 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर में 8 सेंटीमीटर, जबकि रायपुर में 7 सेंटीमीटर बारिश हुई।

रायपुर में भी बारिश का दौर

बारिश और बादलों के कारण रायपुर का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री कम रहा।

20 अगस्त को रायपुर में आसमान सामान्यतः मेघमय रहने तथा एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 29 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

पढ़ें   कृषि और ग्रामीण विकास पर छत्तीसगढ़ में केंद्र-राज्य की मेगा बैठक : शिवराज चौहान ने बताया 'अटल डिजिटल सुविधा केंद्र' को गेमचेंजर, मुख्यमंत्री साय बोले– गांवों की समृद्धि और किसानों की आय बढ़ाना है सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता

अगले दो दिन भी सावधानी जरूरी

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां अधिक रहने की संभावना है। 20 अगस्त से भारी बारिश की तीव्रता कम होने के बावजूद अगले दो दिनों तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।

Share