जगदलपुर, 26 अगस्त 2026। ओडिशा के मलकानगिरी जिले में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) ने बुधवार तड़के ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगे जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाकर माओवादियों का बड़ा डंप बरामद किया। यहां से हथियार, आईईडी, क्लेमोर माइन और अन्य माओवादी सामग्री जब्त की गई है।
सुरक्षा बलों ने आत्मसमर्पण कर चुके माओवादियों से मिली जानकारी के आधार पर मथिली थाना क्षेत्र के चेरकोटला, किर्मिती, कोटवापादर और कडाभाटा के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया। यह क्षेत्र छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के दरभा थाना और सुकमा जिले के पुषपाल थाना क्षेत्र से लगा हुआ है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को तीन देसी बंदूकें, 5 किलो, 3 किलो और 2 किलो वजन के कई आईईडी, दो क्लेमोर माइन, कोडेक्स वायर, माओवादी बैनर समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान मिला।
बरामद विस्फोटक और अन्य सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लेकर आगे की जांच की जा रही है। सुरक्षा बल यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस डंप का इस्तेमाल किस उद्देश्य से और किन माओवादी समूहों द्वारा किया जा रहा था।
गौरतलब है कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से लगा यह वन क्षेत्र लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहा है। ऐसे में हथियार और विस्फोटकों के इस बड़े डंप की बरामदगी को सुरक्षा बलों की अहम कामयाबी माना जा रहा है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी गई है।





