अंबिकापुर, 12 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के भतीजे अभिरत सिंहदेव (22) के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने महामाया रोड पर स्कूटी रोककर उनसे पैसों की मांग की। रुपए देने से इनकार करने पर युवकों ने उन्हें घेर लिया और हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें युवकों को अभिरत को घेरकर मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। किसी तरह अभिरत स्कूटी लेकर वहां से निकल गए। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

समलाया मंदिर के पास रोकी स्कूटी
अभिरत सिंहदेव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 सितंबर की शाम वह अपने दोस्त देव दुबे के साथ स्कूटी से महामाया पारा जा रहे थे। इसी दौरान समलाया मंदिर के पास गोलू पठान, राज बंगाला समेत कुछ युवकों ने उनकी स्कूटी रोक ली।

युवकों ने उनसे पैसों की मांग की। अभिरत ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उनकी जेब से 2500 रुपए भी निकाल लिए गए। शिकायत करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
CCTV में कैद हुई मारपीट
मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्कूटी रुकने के बाद कई युवक अभिरत को घेर लेते हैं। इसके बाद उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की जाती है। अभिरत किसी तरह वहां से स्कूटी लेकर निकल जाते हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में कोतवाली पुलिस ने गोलू पठान, राज बंगाला सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 119(1) और 324(2) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। सभी आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश की जा रही है।




