14 Sep 2026, Mon
Breaking

अंबिकापुर में BA छात्रा ने फांसी लगाई: NSUI नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप, निजी चैट-वीडियो दिखाने की धमकी से परेशान थी छात्रा

सरगुजा, 14 सितम्बर 2026। अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में बीए फर्स्ट ईयर की 19 वर्षीय छात्रा ने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में परिजनों ने NSUI से जुड़े छात्र नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। पुलिस ने छात्र नेता के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका अंतरा शाह मूल रूप से MCB जिले के चिरमिरी गोदरीपारा की रहने वाली थी। वह अंबिकापुर के पीजी कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी और अपनी दीदी के घर रह रही थी।

बाथरूम में मिली छात्रा की लाश

जानकारी के मुताबिक, 10 सितंबर को अंतरा कॉलेज से अपनी दीदी के घर लौटी थी। रात में खाना खाने के बाद वह सोने चली गई। अगले दिन 11 सितंबर को परिजनों को वह बिस्तर पर नहीं मिली। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके जीजा ने पत्नी को तलाश करने के लिए भेजा।

अंतरा की दीदी ने बाथरूम की खिड़की से अंदर देखा तो छात्रा का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

निजी चैट और वीडियो से ब्लैकमेल करने का आरोप

परिजनों के मुताबिक, अंतरा की सहेलियों ने उन्हें बताया कि NSUI छात्र नेता ज्ञान तिवारी के पास छात्रा की कुछ निजी चैट और वीडियो थे। आरोप है कि इन्हें परिवार वालों को दिखाने की धमकी देकर वह अंतरा को परेशान और ब्लैकमेल कर रहा था।

पढ़ें   केशकाल घाट बायपास का काम जल्द होगा शुरू: 308 करोड़ से बनेगी 11 किमी फोरलेन सड़क, सचिव ने किया निरीक्षण

परिजनों ने इसी वजह से छात्रा के मानसिक रूप से परेशान होने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

ABVP ने थाने के सामने किया प्रदर्शन

घटना की जानकारी सामने आने के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने गांधीनगर थाने के सामने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने NSUI का पुतला फूंका और आरोपी छात्र नेता की गिरफ्तारी की मांग की।

मोबाइल जब्त, आरोपी की तलाश जारी

परिजनों की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने मुक्तिपारा निवासी ज्ञान तिवारी के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जब्त कर लिया है, जिसकी जांच की जा रही है।

गांधीनगर थाने के जांच अधिकारी दिलीप दुबे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी ज्ञान तिवारी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed