14 Sep 2026, Mon
Breaking

CG में शराब दुकान के कर्मचारी ही बने कोचिये: सुपरवाइजर, सेल्समैन और सरकारी शिक्षक समेत 7 गिरफ्तार, आर्टिका कार से 160 पाव शराब बरामद

रायपुर, 14 सितम्बर 2026। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। आरंग थाना पुलिस ने ग्राम रानीसागर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर एक सफेद रंग की आर्टिका कार से 160 पाव देशी मसाला शराब बरामद की है। इस मामले में शराब दुकान के सुपरवाइजर, सेल्समैन, मल्टी वर्कर और एक सरकारी शिक्षक समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आर्टिका कार क्रमांक CG 04 QB 5200 में ग्राम गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब भरकर ग्राम रानीसागर की ओर अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आरंग निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रानीसागर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें 160 नग पाव देशी मसाला शराब मिली, जिसकी मात्रा 28.800 बल्क लीटर और कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही आर्टिका कार की कीमत करीब 8 लाख रुपए है। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 8 लाख 16 हजार रुपए का सामान जब्त किया है।

शराब दुकान के कर्मचारी ही निकले कोचिये

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शराब को अवैध रूप से बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों में गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर उबारन दास पुरेना और सेल्समैन राजेश काटले शामिल हैं। इसके अलावा दुकान का मल्टी वर्कर सुरेश बांधे भी पकड़ा गया है। मामले में एक सरकारी शिक्षक तिरीत राम बांधे सहित वाहन चालक और अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

पढ़ें   नारायणपुर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी: भैरमदेव एरिया कमेटी के 5-5 लाख के इनामी महिला और पुरुष नक्सली ने किया आत्मसमर्पण, सरकार की पुनर्वास नीति और 'माड़ बचाओ' अभियान का दिखा असर

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नेटवर्क में और कौन शामिल, जांच जारी

थाना प्रभारी नरेश साहू ने बताया कि सरकारी शराब दुकान के कर्मचारियों द्वारा ही अवैध रूप से शराब की तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की अवैध बिक्री कहां-कहां की जा रही थी।

कार्रवाई में सउनि अनिल चंद्रवंशी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक सुरेश बंधन, आरक्षक नियाज खान और सैनिक दुर्गेश चंद्राकर की टीम शामिल रही।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed