रायपुर, 14 सितम्बर 2026

पुलिस ने ओडिशा के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18.33 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत ₹9.16 लाख बताई गई है। कार्रवाई लालपुर ओवरब्रिज के पास रविवार को की गई।

टिकरापारा थाना क्षेत्र में दो लोगों द्वारा नशीला पदार्थ बेचने की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
आरोपियों की पहचान मंगल हरिजन (19) और भीमरज टांडी (23) के रूप में हुई है। दोनों ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के सालेकेला गांव के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके बैग से 18.33 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। जब्त सामान की कुल कीमत ₹9.36 लाख आंकी गई है।
डीसीपी स्मृतिराज नलना (क्राइम एवं साइबर) और डीसीपी रॉबिन्सन गुरिया (वेस्ट जोन) ने सूचना का सत्यापन कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत टिकरापारा थाने में मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से तस्करी कर लाया गया था। पुलिस अब गांजा सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।




