16 Sep 2026, Wed
Breaking

आपत्तिजनक हालत में पत्नी को प्रेमी के साथ देखा, पति बना कातिल; चाकू से गला काटा और अंधेरी रात में फेंक दी लाश

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 15 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया। गुस्से में पति ने पत्नी के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को अंजनी गांव की झाड़ियों में फेंक दिया।

मृतका की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रूपौली निवासी लक्ष्मी कुमारी (28) के रूप में हुई है। आरोपी पति सुमित कुमार यादव (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों जेपी एग्रोटेक कंपनी में मजदूरी करते थे। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।

रात में पत्नी को ढूंढने निकला था पति

पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर की रात करीब 2 बजे सुमित की नींद खुली तो पत्नी कमरे में नहीं थी। वह उसे तलाशने के लिए बाहर निकला। इसी दौरान उसने पत्नी को जितेंद्र मंडल नाम के युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया।

यह देखकर सुमित गुस्से में आ गया और जितेंद्र को पकड़ने के लिए दौड़ा, लेकिन वह मौके से भाग गया। इसके बाद सुमित और लक्ष्मी के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई।

चाकू से गले पर किया वार

विवाद के दौरान सुमित ने लोहे के चाकू से पत्नी के गले पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से लक्ष्मी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को अंजनी गांव की झाड़ियों में फेंक दिया।

बाद में जेपी एग्रोटेक कंपनी में काम करने वाले मजदूरों ने झाड़ियों में महिला का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पढ़ें   कोमल फूड फैक्ट्री पर तीसरी बार छापा: बिना लाइसेंस चल रही थी यूनिट, खाद्य सुरक्षा अफसरों की दोहरी कार्रवाई पर उठे सवाल

पूछताछ में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

वारदात के बाद आरोपी पति ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और पूछताछ के दौरान अलग-अलग बयान दिए। हालांकि, पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया।

गौरेला थाने में अपराध क्रमांक 395/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) और 238(ख) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed