2 Nov 2026, Mon

महादेव सट्टा ऐप के सरगना की गिरफ्तारी से मचेगी खलबली: 13 FIR की जांच, CM साय ने कहा- जल्द सामने आएंगे बड़े राज

रायपुर, 2 नवंबर। महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए CBI और केंद्रीय जांच एजेंसियों की सराहना करते हुए बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में जल्द ही कई बड़े खुलासे होंगे।

CM साय ने CBI की थपथपाई पीठ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) लगातार प्रयास कर रही थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी बड़ी सफलता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आएंगे। CM साय ने CBI सहित सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों को बधाई दी।

ओमान से गिरफ्तार हुआ सौरभ चंद्राकर

CBI की ओर से 1 नवंबर 2026 को जारी जानकारी के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसी के आधार पर उसकी तलाश की जा रही थी। आखिरकार रॉयल ओमान पुलिस ने उसे ओमान में हिरासत में ले लिया।

इसके बाद CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आरोपी के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ओमान सरकार को औपचारिक प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजा। भारत सरकार की विभिन्न एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के अधिकारियों के बीच समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई।

अनुमति मिलने के बाद CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ चंद्राकर को भारत लेकर आई।

पढ़ें   मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय चकरभाठा के चालिहा महोत्सव में हुए शामिल: भगवान झूलेलाल की पूजा कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली की कामना, सिंधी समाज की तारीफ कर कहा- सेवा और समर्पण ही पहचान

आज रायपुर की विशेष CBI कोर्ट में होगी पेशी

भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर की मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद CBI ने ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे रायपुर लाने की प्रक्रिया शुरू की है। उसे 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा।

13 FIR की जांच कर रही CBI

महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। राज्य सरकार ने इस मामले से संबंधित 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुका है। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को मामले से जुड़े नेटवर्क और अन्य आरोपियों के संबंध में अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *