रायपुर, 2 नवंबर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित गुटखे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खमतराई इलाके में रविवार को पुलिस ने एक गोदाम पर छापेमारी कर करीब 2 करोड़ रुपये कीमत का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। कार्रवाई के बाद गोदाम मालिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से खमतराई इलाके में भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा रखे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। तलाशी के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में गुटखे का स्टॉक मिला, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है।

GST विभाग ने शुरू की जांच

पुलिस ने जब्ती की जानकारी राज्य और केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग को दी है। इसके बाद GST की टीम ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग यह पता लगा रहा है कि प्रतिबंधित गुटखा कहां से लाया गया था और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जानी थी। इसके साथ ही भंडारण और परिवहन के दौरान टैक्स चोरी किए जाने की आशंका की भी जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां कारोबार से जुड़े लोगों, गुटखे के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।
पहले भी सामने आ चुका है गुटखे का बड़ा कारोबार
रायपुर में प्रतिबंधित गुटखे के खिलाफ इससे पहले भी बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। 26 सितंबर 2026 को DGGI ने शदाणी दरबार मार्केट स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर 50 से अधिक बोरे सितार गुटखा बरामद किए थे। यह गोदाम गुटखा कारोबारी बंटी से जुड़ा बताया गया था। उस समय महाराष्ट्र के कल्याण के पास गुटखा निर्माण कर कई राज्यों में सप्लाई किए जाने की आशंका जताई गई थी।
वहीं, दुर्ग जिले के कुम्हारी में भी सेंट्रल GST इंटेलिजेंस की टीम ने गुटखा बनाने वाली फैक्ट्री पर कार्रवाई की थी। यहां से दो मशीनें और करीब 30 बोरे गुटखा जब्त किए गए थे।
फिलहाल खमतराई में हुई ताजा कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियां अवैध गुटखा कारोबार के पूरे नेटवर्क और संभावित टैक्स चोरी की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।


