रायपुर, 10 जुलाई 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने शुक्रवार देर शाम पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 24 अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी कर दिए। इस सूची में आईजी, एडीजी, डीआईजी, एसपी और डीसीपी स्तर के अधिकारियों के नाम शामिल हैं। सरकार ने कई जिलों में नए पुलिस अधीक्षक तैनात किए हैं, जबकि पुलिस मुख्यालय और बस्तर-राजनांदगांव रेंज में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

सबसे अहम बदलावों में अजय कुमार यादव को राजनांदगांव रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। वहीं बालाजी राव सोमावर को पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया गया है। प्रशांत कुमार अग्रवाल को भी पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारी मिली है।
जिला स्तर पर कई अहम बदलाव किए गए हैं। चंद्रमोहन सिंह को दंतेवाड़ा का नया एसपी बनाया गया है, जबकि उमेश प्रसाद गुप्ता को बीजापुर, मयंक गुर्जर को सुकमा, संदीप कुमार पटेल को नारायणपुर, भावना पाण्डेय को धमतरी, तिलक बसल को बेमेतरा, सुनील शर्मा को सारंगढ़-बिलाईगढ़, जितेन्द्र कुमार यादव को कबीरधाम, चरण सिंह गांगस को बलौद, योगेश कुमार पटेल को सूरजपुर और हर्ष राठौर को कोरिया जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में भी बड़ा बदलाव किया गया है। रॉबिन्सन गुरिया को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रायपुर बनाया गया है। वहीं सत्य गौरव रामचंद्रशेखर को बलौदाबाजार-भाटापारा और राजेश कुकरेजा सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राज्य सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से यह व्यापक प्रशासनिक सर्जरी की गई है। नए पदस्थ अधिकारी जल्द ही अपने-अपने पदों का कार्यभार संभालेंगे।




