2 Nov 2026, Mon
Breaking

भोरमदेव शक्कर कारखाने की लगातार दूसरी राष्ट्रीय उपलब्धि, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किसानों और प्रबंधन को दी बधाई

• सर्वोच्च शुगर रिकवरी एफिशिएंसी अवार्ड के लिए चयन, सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किसानों और कारखाना प्रबंधन को दी बधाई

रायपुर, 16 सितंबर 2026

छत्तीसगढ़ की सहकारिता व्यवस्था अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रही है। कवर्धा के भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने ने लगातार दो पेराई सत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय सम्मान हासिल किया है। कारखाने का चयन 2024-25 और 2025-26 में सर्वोच्च शुगर रिकवरी के लिए हाइएस्ट शुगर रिकवरी एफिशिएंसी अवार्ड के लिए किया गया है।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने इस उपलब्धि को किसानों की मेहनत, तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ कारखाने का सम्मान नहीं, बल्कि गन्ना उत्पादक किसानों और पूरी सहकारी व्यवस्था की सामूहिक उपलब्धि है।

किसान की मेहनत से राष्ट्रीय पहचान तक

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने के प्रबंध संचालक गौरी शंकर शर्मा ने मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात कर उपलब्धि की जानकारी दी। मंत्री ने कारखाना प्रबंधन, कर्मचारियों और गन्ना उत्पादक किसानों को बधाई दी।

मंत्री कश्यप ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण गन्ना उत्पादन के साथ कारखाने की तकनीकी दक्षता और बेहतर प्रबंधन ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। सरकार का जोर सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने पर है।

22 सितंबर को नई दिल्ली में मिलेगा सम्मान

भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाने को दोनों पेराई सत्रों के लिए चयनित पुरस्कार 22 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सहकारिता राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

पढ़ें   CM विष्णु देव साय से जापान दूतावास के मंत्री आबे नोरिआकि की मुलाकात: छत्तीसगढ़ में निवेश और आर्थिक सहयोग पर चर्चा

सहकारिता से समृद्धि का मॉडल

सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पैक्स के कम्प्यूटरीकरण, डिजिटलाइजेशन और आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। भोरमदेव कारखाने की लगातार दो वर्षों की राष्ट्रीय उपलब्धि को उन्होंने “सहकार से समृद्धि” के संकल्प का उदाहरण बताया।

 

Share

 

 

 

 

 

You Missed