18 Sep 2026, Fri
Breaking

CG में ससुर की हत्या के लिए दामाद ने दी 5 लाख की सुपारी: मो. नाजिम शबा ने झारखंड से बुलाए शूटर, पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा

अम्बिकापुर, 18 सितम्बर 2026

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में तलाक के विवाद के चलते दामाद ने अपने ससुर की हत्या के लिए 5 लाख रुपए की सुपारी देने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दामाद ने झारखंड से शूटर बुलवाए और किराए के कमरे में हत्या की साजिश रची। इसके बाद 16 सितंबर की सुबह हमलावरों ने घर में घुसकर LIC एजेंट बशीरुद्दीन (64) पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके की है। वारदात के बाद पुलिस ने दामाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

घर में घुसकर किया चाकू से हमला

जानकारी के मुताबिक, 16 सितंबर की सुबह रसूलपुर निवासी बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू अपने घर पर थे। इसी दौरान तीन हमलावर घर में घुसे और उन पर चाकू से हमला कर दिया। बशीरुद्दीन ने हमलावरों से बचने के लिए संघर्ष भी किया।

परिजनों के शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गए। हमले में बशीरुद्दीन को तीन बार चाकू मारा गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मिशन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस केस का हवाला देते हुए वहां इलाज नहीं किया गया। इसके बाद उन्हें फिरदौही हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही IG दीपक कुमार झा और SSP राजेश अग्रवाल समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

दामाद ने 5 लाख में तय किया था सौदा

पुलिस ने जांच के दौरान मृतक के दामाद मो. नाजिम शबा (30), निवासी तकिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, नाजिम ने अपने ससुर बशीरुद्दीन सिद्दीकी की हत्या के लिए शूटर से 5 लाख रुपए में सौदा तय करने की बात स्वीकार की।

पढ़ें   PM NARENDRA MODI आयेंगे छत्तीसगढ़ : दो दिनों के प्रवास पर आयेंगे छत्तीसगढ़, विकास कार्यों की देंगे सौगात

झारखंड से बुलाए गए थे शूटर

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने झारखंड के चौनपुर, पलामू से कंचन कुमार और उसके साथी को अंबिकापुर बुलाया था। दोनों को अजिरमा स्थित नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू के किराए के कमरे में ठहराया गया। यहीं पर हत्या की साजिश तैयार की गई।

वारदात के दिन कंचन कुमार और उसके साथी बाइक से रसूलपुर पहुंचे। घर में घुसकर बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला करने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। CCTV फुटेज में आरोपियों के भागते हुए दिखाई देने की बात भी सामने आई है।

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

  • मो. नाजिम शबा (30) — मृतक का दामाद, निवासी तकिया
  • कंचन कुमार (28) — शूटर, निवासी इंद्रानगर, थाना चौनपुर, पलामू
  • नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू (32) — सहयोगी, निवासी तकिया

कंचन कुमार का एक साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हमलावरों के पास पिस्टल होने की बात भी सामने आई है, हालांकि गोली चलाए जाने की पुष्टि नहीं हुई है।

तलाक का केस चल रहा था

मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले मो. नाजिम शबा से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद दोनों अलग रहने लगे थे। इसके बाद दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा था।

सादिया के मुताबिक, शादी में मायके पक्ष की ओर से दिए गए सोने-चांदी के सामान को वापस मांगने को लेकर भी विवाद था। उसने आरोप लगाया कि उसके पति ने पहले भी उसे और उसके परिवार को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी थी। अब उसके पिता की हत्या करा दी गई।

पढ़ें   कुम्हारी हादसे पर CM विष्णुदेव साय ने जताया गहरा दुख : मृतकों के परिजनों को 9-9 लाख सहायता राशि का ऐलान

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के साथ हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है।

Share

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *