रायपुर, 24 सितम्बर 2026
रायपुर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 25 सितंबर से शुरू होगा। शहर की प्रतिमाओं का विसर्जन महादेव घाट स्थित निर्धारित विसर्जन कुंड में किया जाएगा। खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। नियम तोड़ने पर कार्रवाई के साथ चालान भी काटा जाएगा।

नगर निगम ने महादेव घाट विसर्जन कुंड की व्यवस्था के लिए समिति गठित की है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। छोटी प्रतिमाओं के लिए अस्थायी कुंड भी बनाए जाएंगे।

विसर्जन स्थल पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। पुलिस के 1 हजार से ज्यादा जवान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालेंगे। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष टीमें निगरानी करेंगी।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मी
विसर्जन और झांकी के दौरान महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। प्रमुख चौक-चौराहों और झांकी मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा।
27 सितंबर को निकलेगी गणेश झांकी
गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद 27 सितंबर को शहर में झांकियां निकाली जाएंगी। पुलिस ने समितियों को निर्धारित रूट, समय और झांकियों का क्रम बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। झांकियों को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक रहेगी।
आयोजकों से पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने को कहा गया है। झांकी में नशे का सेवन करने, हथियार या धारदार वस्तु रखने पर प्रतिबंध रहेगा।
डीजे और साउंड सिस्टम के लिए नियम तय
झांकियों में डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा। आयोजकों ने साउंड सिस्टम तय मानकों के अनुरूप रखने और बेस व वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति जताई है।
सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF ने इन भवनों से संभावित खतरे को देखते हुए झांकी का रूट बदलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन समितियों ने रूट बदलने पर असहमति जताई।
विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी का रूट
महादेव घाट से प्रतिमा विसर्जन के बाद वाहन महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 होकर वापस जाएंगे। विसर्जन के दौरान शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी।
सभी मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा। अम्लेश्वर से रायपुर आने वाले वाहन अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध या खुड़मुड़ा-भाठागांव मार्ग से आ सकेंगे।
झांकी रूट और प्रमुख चौक-चौराहों पर ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। पुलिस-प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों से निर्धारित विसर्जन स्थल और सभी सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।




