25 Sep 2026, Fri

धर्मांतरण कर शादी का दबाव, बलात्कार केस में फंसाने की धमकी: कवर्धा में युवक ने फांसी लगाई, लिव-इन पार्टनर अमीना ताज जेल भेजी गई

कवर्धा, 25 सितम्बर 2026

कवर्धा में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, धर्मांतरण कर शादी करने के दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक आलोक दुबे ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में उसकी लिव-इन पार्टनर अमीना ताज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

घटना 29 जुलाई 2026 की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक अधिकारी की रिपोर्ट और परिजनों व गवाहों के बयान लिए गए। पुलिस ने मृतक का मोबाइल और लैपटॉप तथा आरोपी के तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए।

पुलिस के अनुसार, आलोक दुबे करीब चार साल से अमीना ताज के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। जांच में आरोप सामने आया कि अमीना उस पर मुस्लिम धर्म स्वीकार कर मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार करने पर बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस का कहना है कि इसी दबाव और कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आलोक ने आत्महत्या की। मर्ग जांच के आधार पर 23 सितंबर को अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद 24 सितंबर को अमीना ताज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

2025 में सूदखोरी के आरोप में भी हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमीना ताज पर वर्ष 2025 में सूदखोरी से जुड़ी शिकायत भी हुई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि ब्याज पर पैसे देने के बाद धमकाकर वसूली की जाती थी और लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती थी। इस मामले में अमीना के जेल जाने की जानकारी भी सामने आई है।

Share
पढ़ें   बजट 2026-27: 18 साल की बेटियों को ₹1.5 लाख, ‘लखपति दीदी भ्रमण योजना’ शुरू; 250 महतारी सदन बनेंगे

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *