रायपुर, 27 सितंबर 2026। एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल, रायपुर की ओर से रविवार को 15वें वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। शहीद भगत सिंह चौक से शुरू हुए इस वॉकाथॉन में रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ से करीब 5,000 लोगों ने हिस्सा लिया।
वर्ष 2012 से आयोजित किए जा रहे इस वॉकाथॉन का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना है। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ वॉक में भाग लेकर नियमित पैदल चलने और दिल की सेहत का ध्यान रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ 65वीं बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर राधे श्याम सिंह रहे। इस दौरान एफडी तपानी घोष, ट्रैफिक एआईजी संजय शर्मा, डॉ. सुमंता शेखर पाढ़ी, डॉ. पी.के. हरि कुमार, डॉ. सुनील गौनीयाल, डॉ. वसीम खान और डॉ. स्नेहिल गोस्वामी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। खुशी राइस ब्रान ऑयल से अंकित अग्रवाल और सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया (सीजी) से ललित जैसिंघ भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

एमएमआई नारायणा हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर तपानी घोष ने कहा कि वॉकाथॉन के माध्यम से लोगों को अपने दिल की सेहत के प्रति जागरूक करना उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि रोजाना थोड़ा समय पैदल चलना, संतुलित खान-पान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में लकी विनर के रूप में पूनम साहू का चयन किया गया। उन्हें पुरस्कार के रूप में iPhone 17 भेंट किया गया।
आयोजकों ने वॉकाथॉन को सफल बनाने के लिए सभी प्रतिभागियों, अतिथियों, सहयोगियों और शुभचिंतकों का आभार जताया।




