रायपुर, 7 अक्टूबर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में मंगलवार को एक सांड ने जमकर आतंक मचाया। सांड ने कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में करीब 15 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायलों में पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कल्पना पटेल भी शामिल हैं। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सांड एक बुजुर्ग पर हमला करता नजर आ रहा है।
बच्चे को गोद में लिए खड़े थे बुजुर्ग, अचानक सांड ने किया हमला
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि देवनारायण शर्मा अपने एक साल के पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान पीछे से आए सांड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले से बुजुर्ग संभल नहीं पाए और बच्चा उछलकर सड़क पर गिर गया। इसके बाद सांड ने बुजुर्ग को दौड़ा-दौड़ाकर मारा।

घटना में देवनारायण शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भी घायल
सांड के हमले में कल्पना पटेल समेत करीब 15 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। कल्पना पटेल को इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सांड काफी देर तक इलाके में घूमता रहा और रास्ते में आने वाले लोगों पर हमला करता रहा। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
काउ कैचर से नहीं पकड़ा गया, वन विभाग को बुलाना पड़ा
सांड के उत्पात की सूचना मिलने के बाद नगर निगम जोन क्रमांक-5 की टीम काउ कैचर लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने काफी देर तक सांड को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह काबू में नहीं आया।
इसके बाद नगर निगम ने वन विभाग से मदद मांगी। वन विभाग और जंगल सफारी की टीम के साथ भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉक्टर भी मौके पर पहुंचे।
ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से किया बेहोश
लगातार प्रयास के बाद टीम ने ट्रैंक्विलाइजर गन से सांड को बेहोशी का इंजेक्शन दिया। सांड के बेहोश होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया। कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
गौ सेवकों ने बताया कि करीब दो महीने पहले सांड को एक कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद उसके रेबीज से संक्रमित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आवारा मवेशियों को लेकर फिर उठे सवाल
घटना के बाद रायपुर शहर में आवारा मवेशियों की समस्या और नगर निगम की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी घटना को लेकर चिंता जताई और भाजपा विधायक राजेश मूणत के क्षेत्र में व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय लोगों ने पार्षद से कई बार शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
फिलहाल सांड को काबू में लिए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन घटना ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



