रायपुर, 29 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, शिवराज सिंह चौहान तथा पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी 30 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान तीनों नेता राजधानी रायपुर और दुर्ग में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे सीधे सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे दुर्ग के लिए रवाना होंगे, जहां पुलगांव स्थित महेश कॉलोनी में जनसभा को संबोधित करेंगे।

नड्डा शाम 4 बजे दुर्ग में महेश कॉलोनी से गंजपारा चौक तक पदयात्रा में शामिल होंगे। यह पदयात्रा भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित की जाएगी।

वहीं, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 30 अक्टूबर को शाम 7 बजे रायपुर पहुंचेंगे। अगले दिन, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वे राजधानी स्थित आईसीएआर-राष्ट्रीय जैविक तनाव प्रबंधन संस्थान में आयोजित ‘खेत बचाओ’ अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके बाद दोपहर 1:30 बजे नेताजी सुभाष स्टेडियम से तेलीबांधा मरीन ड्राइव तक आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम भी भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा।
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी भी 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वे राजधानी में निर्धारित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।


