मोहला-मानपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में घरेलू हिंसा का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति की रोजाना की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना खड़गांव थाना क्षेत्र के सिवनी गांव की है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की रात कारजू राम पुराम शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान उसने अपनी पत्नी मालती बाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पति की आए दिन की मारपीट और प्रताड़ना से परेशान पत्नी ने आपा खो दिया। इसी दौरान उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पति के चेहरे, गर्दन और सीने पर कई वार कर दिए। हमले में गंभीर चोट लगने से कारजू राम की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की मां ने थाने पहुंचकर दी सूचना
घटना के अगले दिन मृतक की मां जांगय बाई ने खड़गांव थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके से खून लगी कुल्हाड़ी समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए।

पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी मालती बाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने पति पर कुल्हाड़ी से हमला करने और उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने 18 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में दुर्ग जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


