बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मुक्तिधाम से 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अस्थियां गायब हो गईं। परिजन जब अंतिम संस्कार के अगले दिन अस्थियां लेने पहुंचे तो चिता की राख में अस्थियां नहीं मिलीं। मौके पर नारियल और दीया रखा हुआ था। परिवार ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा ली हैं। मामले में परिजनों ने पुलिस से शिकायत कर अस्थियां वापस दिलाने की मांग की है।
घटना गुरुर थाना क्षेत्र के ग्राम खैरवाही की है। ग्रामीणों के मुताबिक, गांव के मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

12 नवंबर को हुआ था निधन, 13 नवंबर को अंतिम संस्कार

जानकारी के मुताबिक, ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अगले दिन 14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अस्थियां लेने मुक्तिधाम पहुंचे।
वहां चिता स्थल पर नारियल और दीया रखा देखकर परिजन हैरान रह गए। जब उन्होंने ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशीं तो वे गायब मिलीं। इसके बाद परिवार ने ग्रामीणों से भी पूछताछ की, लेकिन अस्थियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। आखिरकार परिजनों ने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पोती बोलीं- दादी की अस्थियों की रक्षा नहीं कर पाए
बुजुर्ग महिला की पोती ने दुख जताते हुए कहा कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद परिवार उनकी अस्थियों की रक्षा नहीं कर पाया। किसी अज्ञात व्यक्ति ने चिता स्थल पर पूजा-पाठ करने के बाद अस्थियां उठा लीं। परिवार चाहता है कि पुलिस जल्द से जल्द अस्थियों का पता लगाकर उन्हें वापस दिलाए।
मां की अंतिम इच्छा थी गंगा में अस्थि विसर्जन
विद्यावती शर्मा के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां धार्मिक स्वभाव की थीं। वे परिवार और गांव के धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी अंतिम इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियों को प्रयागराज ले जाकर गंगा नदी में विसर्जित किया जाए।
परिवार के सदस्य बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित सभी लोग उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थि विसर्जन करना चाहते थे। लेकिन अस्थियां गायब होने से परिवार को गहरा दुख पहुंचा है।
गांव में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी दो घटनाएं
ग्रामीणों के अनुसार, खैरवाही के मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता का निधन हुआ था। उनका अंतिम संस्कार भी इसी मुक्तिधाम में किया गया था। बाद में जब वे अस्थियां लेने पहुंचे तो वहां अस्थियां गायब मिली थीं।
शिकायत मिली, परिजनों के बयान के बाद होगी जांच
गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि मामले में परिजनों की शिकायत मिली है। फिलहाल परिवार के सदस्य क्रियाकर्म में व्यस्त हैं। उनके बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल इस संबंध में अधिक जानकारी देना संभव नहीं है।


