24 Nov 2026, Tue

रोमांचक मैच में इंदौर पत्रकार एकादश ने भोपाल पत्रकार एकादश को 8 रन से हराया

रोमांचक मैच में इंदौर पत्रकार एकादश ने भोपाल पत्रकार एकादश को 8 रन से हराया

भोपाल
 उज्जैन में आयोजित दो दिवसीय महाकाल क्रिकेट ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में इंदौर पत्रकार एकादश ने भोपाल पत्रकार एकादश को रोमांचक मुकाबले में 8 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। उज्जैन नगर निगम की सभापति सुश्री कलावती यादव ने सभी खिलाडियो को पुरस्कृत किया। 

दिवाली मिलन समारोह के मौके पर उज्जैन प्रेस क्लब द्वारा महाकाल ट्रॉफी एवं पत्रकारों के खेल कुंभ का आयोजन किया गया। इस दौरान उज्जैन प्रेस क्लब अध्यक्ष नंदलाल यादव एवं आयोजक समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।

 ग्लोबल एकेडमी क्रिकेट मैदान पर इंदौर पत्रकार टीम के कप्तान हेमंत शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इंदौर में 17 ओवर में 132 रन बनाए उसकी ओर से ओपनर राजकुमार ने 40 रन और शुभम ने शानदार 55 रन की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों के छोटे-छोटे योगदान से इंदौर की टीम भोपाल के गेंदबाजों के सामने बड़ी मुश्किल से 132 रन का लक्ष्य खड़ा  कर सकी। भोपाल की ओर से रामेश्वर भार्गव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 19 रन देकर 5 विकेट और प्रकाश ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। मोहन और संजय ने एक-एक विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भोपाल पत्रकार एकादश की शुरुआत बहुत ही खराब हुई। उन्होंने 5 विकेट मात्र 12 रन पर खो दिए। ऐसा लगा कि मैच एकतरफा हो जाएगा, लेकिन इसके बाद अजय 37, विवेक 28 और इंद्रजीत 11 रन ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए मैच को आगे बढ़ाया। तीनों ने धैर्य के साथ पारी को संभाला और मैच को रोमांचक मोड़ पर ले आए।अंत में रामेश्वर नाबाद 22 रन ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन वे इस मुकाबले में टीम को जीत नहीं दिला पाए।

पढ़ें   26 साल बाद फिर पहनी CRPF की वर्दी: संत बने गिरवर सिंह ने कानूनी लड़ाई जीती, अब छत्तीसगढ़ के बीजापुर में संभालेंगे ड्यूटी

इंदौर टीम की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए निलेश करोसिया ने 3 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए। शुभम और नवीन यादव ने दो-दो विकेट लिए। दबाव के क्षणों में इंदौर के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ रखी और अंत में इंदौर ने यह रोमांचक मुकाबला 8 रन से जीत लिया।

इस मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी के लिए राजकुमार को बेस्ट बल्लेबाज और बेस्ट फील्डर के रूप में नवीन यादव को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट गेंदबाज नीलेश करोसिया रहे और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब रामेश्वर  भार्गव को मिला।

Share

 

 

 

 

 

By Editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *