कोरबा, 24 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर का साइलेंसर निकालकर तेज आवाज करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। तेज आवाज से भड़के एक दंतैल हाथी ने ट्रैक्टर पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टर से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। घटना में किसी ग्रामीण के घायल होने की खबर नहीं है।
घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है। जानकारी के अनुसार, कुदमुरा क्षेत्र में इन दिनों 11 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा है। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है। हाथियों का झुंड लगातार खेतों में पहुंचकर फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। इससे परेशान ग्रामीण फसल बचाने के लिए एकजुट हुए और ट्रैक्टर के जरिए हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने लगे।

ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का साइलेंसर निकाल दिया था, जिससे तेज आवाज हो रही थी। इसी दौरान झुंड से अलग हुआ एक दंतैल हाथी अचानक आक्रामक हो गया। वह चिंघाड़ते हुए ट्रैक्टर की ओर दौड़ा। खतरा भांपकर चालक जगर सिंह ने तत्काल ट्रैक्टर से छलांग लगा दी। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर के इंजन और अगले हिस्से पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ देर बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों को दी समझाइश
वन विभाग के एसडीओ मणिकांत वर्मा के अनुसार, घटनास्थल पर हाथी मित्र दल वाहन के साथ तैनात था और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दे रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीण दूसरी ओर से ट्रैक्टर लेकर हाथी के करीब पहुंच गए। ट्रैक्टर की तेज आवाज और अचानक हुई गतिविधि से हाथी आक्रामक हो गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के पास न जाएं, उन्हें घेरने की कोशिश न करें और न ही शोर मचाकर उकसाएं। विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। प्रभावित गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क भी किया जा रहा है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथियों से सामना होने की स्थिति में उनके करीब जाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है।


