24 Apr 2025, Thu 2:39:17 AM
Breaking

‘कश्मीर’ पर घमासान : सीएम भूपेश बघेल के बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का जवाब, विष्णुदेव बोले : “तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस ने धरती के स्वर्ग को नर्क बनाया”

प्रमोद मिश्रा

रायपुर, 03 जून 2022

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने तुष्टिकरण के लिए धरती के स्वर्ग को नर्क में बदलने का काम किया। भूपेश बघेल बतायें कि देश को कश्मीर से धारा 370 हटने के लिए 70 साल इंतजार क्यों करना पड़ा। कांग्रेस कहती रही कि समय के साथ 370 हट जायेगी लेकिन इसके लिए कभी किसी तरह की पहल नहीं की गई। कोई प्रयास नहीं किया गया। भाजपा की मोदी सरकार ने पराक्रम दिखाया और एक झटके में 370 हटाकर 70 साल का इंतजार कर दिया। जम्मू कश्मीर लद्दाख में तेजी से विकास हो रहा है तो कांग्रेस के नेता महबूबा मुफ्ती की भाषा बोल रहे हैं। इनके नेता तो मोदी विरोध की ऐसी हीनग्रंथि के शिकार हैं कि विदेश की धरती पर भारत को कमजोर करने वाले बयान दे देते हैं। कांग्रेस को जितना भी भाजपा विरोध करने की हसरत हो, करें लेकिन कांग्रेस के नेता देश विरोधी ताकतों को प्रोत्साहित करने वाले बयान देकर आखिर क्या हासिल करना चाहते हैं?

 

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि कश्मीर घाटी में हिंसा और अराजकता फैलाने की जिम्मेदारी से कांग्रेस मुक्त नहीं हो सकती। यदि कांग्रेस ने तुष्टिकरण की नीति नहीं अपनाई होती तो हालात नहीं बिगड़ते। कांग्रेस ने कभी दृढ़ इच्छाशक्ति नहीं दिखाई जिससे घाटी के हालात बद से बदतर होते गए। इन्हीं हालात को सुधारने और देश के इन हिस्सों का विकास करने के लिए ही भाजपा की मोदी सरकार ने रोडमैप तैयार किया और 370 को इतिहास में दफन कर दिया। कांग्रेस की कृपा से 70 साल में जो हालात बिगड़े, उन्हें सुधारने में कुछ तो समय लगेगा। हालात में सुधार हो रहा है। कश्मीरी पंडितों को निशाना बनाने के अराजक प्रयासों से निबटने में भारत सरकार सक्षम है। कांग्रेस के लोग पाकिस्तान की भाषा न बोलें। देश के प्रति उनकी भी कुछ जिम्मेदारी है। जिसे अतीत में उन्होंने नहीं निभाया लेकिन अब देश की सरकार ने पहल कर दी है तो चाहे समर्थन न करें किंतु देश विरोधी ताकतों को प्रोत्साहन तो न दें।

पढ़ें   Chhattishgarh: डिप्टी सीएम सिंहदेव ने मोदी सरकार से पूछा, 'संसद के विशेष सत्र का एजेंडा क्या हैं?'

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि भूपेश बघेल को कश्मीर की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहां की चिंता करने के लिए देश की सरकार है। भूपेश बघेल को चिंता करनी है तो छत्तीसगढ़ की करें। यह तो वे कर नहीं रहे। उन्हें छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान की चिंता करनी चाहिए, जो वे दिल्ली में गिरबी रख आये हैं और हरियाणा के कांग्रेस विधायकों की आवभगत में लगे हैं। भूपेश बघेल को चिंता राहुल गांधी के भविष्य की है जो वे प्रस्ताव पारित करा रहे हैं कि राहुल को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जाये। वे खानदान की चिंता करें, हमें कोई ऐतराज नहीं है। बेहतर होगा कि वे देश भर में कांग्रेस के हालात पर चिंता करें।

Share

 

 

 

 

 

You Missed