सतर्क रहें : CG में वर्मी कम्पोस्ट यूनिट लगाने के नाम पर 5 लाख रुपये की ठगी, 20 महिला समूहों से लिये पैसे, खुद को सरकारी अधिकारी बताया

CRIME Exclusive Latest छत्तीसगढ़ बड़ी ख़बर

■ दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

■ महिला समूहों को बनाते थे निशाना

गोपीकृष्ण साहू

 

 

मरवाही, 19 जुलाई 2022

छत्तीसगढ़ में वर्मी कम्पोस्ट की यूनिट लगाने के नाम पर ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है । दरअसल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में वर्मी कंपोस्ट यूनिट लगवाने के नाम पर महिला समूह से 5 लाख रुपए ठग लिए गए। शातिर बदमाशों ने खुद को सरकारी प्रशिक्षण केंद्र का डायरेक्टर और संयोजक बताया और किश्तों में रुपए ले लिए। इसके बाद जब महिलाओं को ट्रेनिंग नहीं मिली और दोनों शातिर गायब हो गए तो मामला खुला। पुलिस ने मंगलवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है।

 

जानकारी के मुताबिक, ग्राम भर्रीडांड के महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम सखी से दो लोगों ने संपर्क किया। संपर्क करने वाले रमेश कुमार लाल ने खुद को वर्मी कंपोस्ट प्रशिक्षण केंद्र कार्यालय का डायरेक्टर बताया। साथ ही अपने साथी डीडी बैरागी को केंद्र के संयोजक के रूप में परिचय कराया। दोनों आरोपियों ने स्व सहायता समूह को झांसा दिया कि वे ब्लॉक के गांवों में महिलाओं को वर्मी कंपोस्ट उत्पादन की ट्रेनिंग देंगे।

4-4 हजार रुपए हर महिला से वसूले रुपए

आरोपियों ने महिला समूहों को झांसे में लेते कहा कि इस ट्रेनिंग के बाद वह यूनिट लगवाने और कंपोस्ट बिकवाने में भी सरकार की ओर से मदद करेंगे। आरोपियों ने इसके लिए ग्राम सखियों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं से वर्मी वार्ड यूनिट लगाने के लिए प्रति यूनिट 4 हजार रुपए वसूले। इस तरह करीब 20 स्व सहायता समूहों की 125 महिलाओं से 5 लाख रुपए ले लिए। प्रशिक्षण जून 2020 से सितंबर 2020 तक दिया जाना था, लेकिन रुपए वसूलने के बाद दोनों टालते रहे।

पढ़ें   ब्रेकिंग वीडियो : विधायक बृहस्पति सिंह को नोटिस हुआ जारी, मंत्री टी एस पर आरोप लगाने पर नोटिस जारी

सूरजपुर में भी इसी तरह लोगों से की थी ठगी

महिलाओं ने जब आरोपियों पर दबाव बनाया तो दोनों भाग निकले। इस पर महिलाएं केंद्र पहुंची तो उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद मई में आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज करा दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तलाश करना शुरू किया ताे सामने आया कि दोनों ने इसी तरह सूरजपुर जिले में भी ठगी की थी। वहां पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस पर पुलिस ने दोनों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने अपना नाम तक गलत बताया था। एक आरोपी दिग्विजय दास बैरागी (36) रायगढ़ के तमनार क्षेत्र के ग्राम बुड़िया और दूसरा आरोपी रमेश कुमार लाल (58) बिलासपुर के सिविल लाइन में नंदन विहार का रहने वाला है। यह भी सामने आया है कि दोनों इसी तरह से फर्जीवाड़ा कर गांव की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करते थे। फिलहाल पुलिस उनसे और पूछताछ कर रही है।

Share