11 Mar 2026, Wed
Breaking

LSG vs RCB: क्यों लड़े विराट कोहली और गौतम गंभीर, समझें झगड़े की पूरी कहानी

प्रमोद मिश्रा,

लखनऊ: 02 मई 2023

इंडियन प्रीमियर लीग में बीती रात एकाना स्टेडियम में मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच मुकाबला खेला गया। आरसीबी की जान विराट कोहली और भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज यानी लखनऊ टीम के मेंटॉर गौतम गंभीर मैदान पर बुरी तरह भिड़ गए। दोनों दिग्गजों के बीच गरमा-गरम बहस देखने को मिली। कई प्लेयर्स बीच-बचाव करने आए, लेकिन विराट-गौतम पर तो अलग ही धुन सवार थी। धीरे-धीरे घटना के कई वीडियोज इंटरनेट पर सामने आ रहे हैं, चलिए आपको पूरे विवाद की जड़ बताते हैं। समझाते हैं कि आखिर दोनों के बीच लड़ाई शुरू कैसे हुई।

असल मायनों में देखा जाए तो पूरे विवाद की शुरुआत चंद हफ्ते पहले गौतम गंभीर के उस इशारे से हो गई थी, जो उन्होंने 10 अप्रैल की रात बैंगलोर को उसके घर में हराने के बाद एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में हूटिंग करते दर्शकों की ओर दिखाई थी। अपने फैंस के इस अपमान की टीस कोहली के दिल में कहीं दबी हुई थी, जो वह बीती रात के मैच में बार-बार दिखाते नजर आए।

विराट ने जब चौथे ओवर में लखनऊ के बल्लेबाज क्रुणाल पंड्या का का कैच लॉन्ग ऑफ पर लपका तो उनका जोश देखने लायक था। वह स्टैंड्स की तरफ देखकर अपना सीना ठोक रहे थे फिर फ्लाइंग किस दिया। इसके बाद मुंह पर उंगली रखकर शायद अपना बदला पूरा किया।वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। लखनऊ के डगआउट में बैठे गौतम गंभीर सबकुछ चुपचाप देख रहे थे।

हाथ मिलाते वक्त बढ़ी बात
लो स्कोरिंग मैच में आरसीबी ने 18 रन से जीत दर्ज करते हुए अपनी पिछली हार का बदला लिया। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथ मिला रहे थे। इस दौरान अफगानिस्तान के नवीन-उल-हक और विराट कोहली के बीच बहस शुरू हो गई। इसके बाद विराट कोहली को उनके टीममेट्स अलग लेकर चले गए। लखनऊ की पारी के दौरान जब नवीन बल्लेबाजी कर रहे थे, तब भी विराट से उनकी तकरार हुई थी।

पढ़ें   'छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग’ : CSCS के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से किया सौजन्य भेंट, CCPL के शुभारंभ समारोह हेतु शामिल होने किया आमंत्रित

विराट कोहली इसके बाद लखनऊ के ऑलराउंडर काइल मेयर्स के साथ बातचीत कर रहे थे। तभी गंभीर गए और मेयर्स को बुलाकर अलग ले गए। दूर जाते हुए गौतम गंभीर लगातार कुछ-कुछ कहते नजर आ रहे हैं, जो दूसरे एंगल से देखने पर ही दिखाई पड़ता है, इसके बाद विराट कोहली ने इशारा करके गौतम गंभीर को बुलाया और फिर दोनों में में कहासुनी शुरू हो गई। अमित मिश्रा और विजय दहिया, केएल राहुल, फाफ डुप्लेसिस जैसे सीनियर प्लेयर्स बीच-बचाव की कोशिश में थे, लेकिन दोनों भिड़ते ही चले गए। इस बीच विराट तो विजय दहिया पर भी झुंझलाते नजर आए।



मैच की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स का घर पर खराब प्रदर्शन जारी रहा क्योंकि वर्षाबाधित लो स्कोरिंग मैच में टीम 127 रन भी चेज नहीं कर पाई। लखनऊ की शुरुआत खराब रही और उसने सात ओवरों में अपने शीर्ष पांच बल्लेबाज गंवा दिए। कृष्णप्पा गौतम ने कुछ हिम्मत जरूर दिखाई, लेकिन एलएसजी 19.5 ओवर में 108 रन पर आउट हो गई।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed