8 Mar 2026, Sun

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही देश आर्थिक महाशक्ति, विश्वगुरु और विश्वामित्र बन सकता है – विष्णु देव साय

प्रमोद मिश्रा

रायपुर/कोरापुट/नवरंगपुर, 8 मई 2024| छत्तीसगढ़ का चुनाव खत्म होने के बाद सीएम साय अब देश भर में भाजपा के स्टार प्रचारक की भूमिका में है। आज वे उड़ीसा के कोरापुट और नवरंगपुर जिले में चुनाव प्रचार में पहुंचे और सभाओं को संबोधित किया।

यहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि ओडिशा ही नही पूरे देश में जनता का विश्वास मोदी जी और बीजेपी के प्रति बढ़ा है। मोदी जी ने अपने 10 वर्ष के कार्यकाल में देश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर सहित 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हुए सबके लिए काम किया। चाहे पक्का मकान देने का मामला हो, चाहे माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति के लिए गैस सिलेंडर देने की बात हो, महिला सम्मान से जुड़े शौचालय देने का विषय हो। नरेंद्र मोदी ने सभी वर्ग के लिए काम किया है, चाहे जनधन खाते खोलने की बात हो या घर-घर निर्बाध बिजली और स्वच्छ पानी पहुंचाने की बात हो। हर क्षेत्र में मोदी जी ने उत्कृष्ट कार्य किया है।जिससे निश्चित रूप से ओडिशा की जनता भी प्रभावित है और आने वाले लोकसभा व विधानसभा के चुनाव में निश्चित ही भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।

पीएम मोदी ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास को मूलमंत्र मानते हुए सबका विकास किया, सबको समृद्ध बनाया। उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया, भारत का डंका बजाया। मोदी जी ने अपनी दूरदृष्टि से भारत को आर्थिक स्थिति की दृष्टि से 11वें स्थान से 5वें स्थान पर लाया। उन्होंने कहा कि हमें विकसित भारत बनाना है इसलिए मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना जरूरी है। ये चुनाव मोदी जी के नेतृत्व में भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बने इसका चुनाव है।

प्रकृति की गोद में बसा ओडिशा राज्य प्राकृतिक संसाधनों, खनिजों से परिपूर्ण है। यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं।लेकिन इस अमीर राज्य को लूट-लूट कर खोखला करने का काम पहले की कांग्रेस सरकार ने किया और अब वर्तमान की बीजू जनता दल की सरकार ने यहां के विकास में ध्यान नहीं दिया। ओडिशा वासी इस बार राज्य की प्रगति के लिए, यहां रोजगार के लिए, शिक्षा के लिए, स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए केंद्र में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए उत्साहित हैं।

श्री साय ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने देश में 55-60 वर्षों तक एक छत्र राज किया और अनेकों राज्यों में वर्षों-वर्षों तक राज किया। लेकिन लूट-लूट कर देश को खोखला करने का काम किया। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस के शासनकाल में जितने भी प्रधानमंत्री हुए लगभग सबके ऊपर कोई न कोई घोटाले का आरोप है। राजीव गांधी पर बोफोर्स घोटाला जैसा बड़ा आरोप है। तो वहीं मनमोहन सिंह की सरकार में ऐसा कोई भी दिन नहीं था, जब घोटाले की नई-नई खबर अखबार में न आती हो कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला इसके उदाहरण हैं।

सीएम साय ने बीजद सरकार को घेरते हुए कहा कि यहां के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ऊपर जनता ने दिल खोल कर विश्वास किया और लगातार कई वर्षों तक उनकी सरकार बनाई। वर्तमान में भी बीजद सरकार सत्ता में है। लेकिन ओडिशा में विकास नहीं हुआ। जनता के साथ विश्वासघात करने का काम बीजद सरकार ने किया है। उन्होंने जनता से कहा कि पिछली बार आपने ओडिशा से भाजपा पार्टी को छः सांसद जिताकर दिए। इस बार उससे ज्यादा सांसद जिताकर मोदी जी को देना है, साथ में ओडिशा के द्रुत गति के विकास के लिए प्रदेश में भी भाजपा की सरकार बनानी है। जिससे कि डबल इंजन सरकार के बनने से विकसित ओडिशा का मार्ग प्रशस्त हो सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी तपती गरमी में आप लोग भाजपा को समर्थन देने आए हैं, जिससे स्पष्ट है कि ओडिशा से बीजद और कांग्रेस का खात्मा तय है। उन्होंने कांग्रेस और बीजद को कोसते हुए कहा कि दोनों पार्टियों ने ओडिशा को धोखा देने, लूटने का काम किया है। यहां के संसाधनों को खोखला करने का काम किया है। इस बार इनको सबक सिखाना है, भाजपा को जिताना है।

श्री साय ने कहा कि मेरा सौभाग्य था कि 2014 में मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में एक सांसद-राज्यमंत्री के रूप में मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ कार्य करने का अवसर मिला। मैंने करीब से देखा कि मोदी जी की पहली प्राथमिकता में देश के गरीबों का विकास है, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। मोदी जी ने सभी बड़े-बड़े वादों को पूरा किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण करवाया, कश्मीर से धारा 370 को शांतिपूर्वक हटाया, ट्रिपल तलाक जैसे जटिल कानून को हटाकर मुस्लिम माताओं-बहनों संग न्याय किया। मोदी जी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर सबकी सेवा की, सबको समृद्ध बनाया। आज भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए हमें पुनः उनको प्रधानमंत्री बनाना होगा, ये आशीर्वाद मैं आप सभी से मांगने आया हूँ।

पढ़ें   'जोहार जशपुर' : जशपुर जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने मुख्यमंत्री ने किया सरना एथनिक रिसोर्ट में टेलिस्कोप का लोकार्पण, देशदेखा पर्यटन समिति को टेलिस्कोप सहित 10 कैम्पिंग टेंट व उपकरण भी दिए

ओडिशा की आदिवासी बेटी को मोदी ने बनाया राष्ट्रपति*

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और बीजद ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। जबकि भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की कोई कमी नहीं होती है। आज आपके ओडिशा की एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू जी देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी जी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है। क्योंकि भाजपा में लोकतंत्र है, कार्यकर्ताओं का सम्मान है। जबकि अन्य पार्टियों में परिवारवाद है, अयोग्य लोग ही पार्टी में अपना प्रभुत्व चला रहे हैं।

*आत्मीय स्वागत के लिए जनता का जताया आभार*

मुख्यमंत्री ने नवरंगपुर लोकसभा के अंतर्गत दो बड़ी जनसभाओं को सम्बोधित किया। जहाँ जनता द्वारा मिले आत्मीय प्यार और स्वागत से वो अभिभूत दिखे। उन्होंने इसके लिए जनता का आभार जताया और कहा कि छत्तीसगढ़ और ओडिशा एक अच्छे पड़ोसी राज्य हैं। दोनों राज्यों की संस्कृति, खानपान, वेशभूषा, नृत्य और अन्य चीजों में काफी समानता है। छत्तीसगढ़ में भी काफी संख्या में उत्कल समाज के लोग निवास करते हैं। आज यहाँ आया हूँ तो यहाँ के चाचा-चाची, भैया-भाभी, मामा-मामी सबको मेरा जोहार, सबको मेरा नमस्कार। उन्होंने कहा कि मैं एक आदिवासी क्षेत्र में आया हूँ, अपने सगा-समाज के बीच आया हूँ तो आप सबको भी मेरा जोहार। आप सभी ने जो आत्मीय स्वागत किया उसके लिए हृदय से आभार। उन्होंने कहा कि जब भी ओडिशा आता हूँ, यहाँ की जनता से बहुत प्यार मिलता है।

पढ़ें   प्रदेश स्तरीय आंदोलन : जल जंगल जमीन को लेकर सर्व आदिवासी समाज 19 जुलाई से करेंगे प्रदेश स्तरीय आंदोलन, अपनी मांगों को लेकर बैठेंगे धरने पर

*भाजपा के लोकसभा और विधानसभा प्रत्याशियों के लिए की वोट अपील*

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाने वाले नरेंद्र मोदी जी को हमें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है और ओडिशा में भी भाजपा की सरकार बनाना है। इसके लिए नवरंगपुर व कोरापुट की जनता का भरपूर सहयोग मिले, ये आग्रह करने आया हूँ। आप सभी भाजपा के लोकसभा और विधानसभा प्रत्याशियों को जिताएं ये आग्रह करने आया हूं।

*गिनाई अपनी सरकार की उपलब्धियां*

विष्णु देव साय ने अपने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ में मात्र 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। श्री साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के तीसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है।

उन्होंने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत भी हो चुकी है, जिससे कि प्रदेश के रामभक्त अयोध्या में भांचा राम के दर्शन का लाभ पा रहे हैं। 5500 रूपये प्रति मानक बोरा तेंदूपत्ता खरीदने के भी आदेश दे दिए हैं और खरीदी के लिए हमनें 15 दिनों का समय भी तय कर दिया है। चरण पादुका योजना की भी पुनः शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ की जनता से जो वादा किया उसे पूरा भी कर रहे हैं। इसलिए ओडिशा में भी भाजपा की सरकार बनाएं, यहां की तरक्की में भाजपा सरकार कोई कमी नहीं करेगी।

*बताई संकल्प पत्र की प्रमुख बातें*

श्री साय ने भाजपा के संकल्प पत्र पर कहा कि हम अपने संकल्प पत्र को मोदी की गारंटी भी कहते हैं। मोदी की 10 साल की सरकार में कुल 4 करोड़ पीएम आवास बने। आगामी 5 वर्षों में 3 करोड़ नए पीएम आवास बनाने की घोषणा हमारे प्रधानमंत्री जी ने कर दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में अब 70 साल तक के बुजुर्गों का भी मुफ्त में आयुष्मान भारत योजना में इलाज होगा। मुद्रा योजना के तहत बेटे-बेटियों को 10 लाख की जगह 20 लाख तक का लोन मिलेगा। अब पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस घर-घर तक पहुंचाई जाएगी। मोदी की कार्ययोजनाओं में देश और गरीबों के विकास के लिए अभी बहुत कुछ है। भाजपा जो कहती है वो पूरा भी करती है, बीजद और कांग्रेस की तरह झूठ नहीं बोलती।

Share

 

 

 

 

 

By Desk

Media24 News is an online news portal based in Raipur, Chhattisgarh, India. It publishes local and regional news, covering a wide range of topics including politics, crime, social issues, development, events, and community stories from across Chhattisgarh. The website provides regularly updated news content in Hindi, aimed at informing the public with timely and relevant reports from the state’s districts and cities like Raipur, Durg, Mahasamund and others. This newsroom focuses on grassroots journalism and regional happenings, serving audiences who want updates about local governance, public affairs, social developments, and community issues specific to Chhattisgarh. The platform is designed to meet the news needs of its readers with frequent headlines and local reporting, helping citizens stay informed about events and issues close to their daily lives.

You Missed