सैम पित्रोदा के बयान पर बिफरे सीएम योगी, कहा – जनता से माफी मांगे कांग्रेस

Uncategorized

ब्यूरो रिपोर्ट

लखनऊ, 9 मई 2024।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि सैम पित्रोदा कांग्रेस के बुद्धिदाता हैं। वे कांग्रेस की बांटो और राज करो की नीति को बयां कर रहे हैं। कांग्रेस में सत्ता प्राप्ति की अतिलिप्सा है। कांग्रेस 1947 में भारत के विभाजन की त्रासदी की जिम्मेदार है। कांग्रेस ने आजादी के बाद भी जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर देश को बांटने का पाप किया है। सैम पित्रोदा का बयान निंदनीय है। कांग्रेस सैम पित्रोदा के मुंह से जो बोलवा रही है, उसके लिए उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस को अपने बुद्धिदाता के कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए।चुनावी जनसभा के लिए गुरुवार को रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर मीडिया से बातचीत की।

 

 



मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोग उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत को रंग व चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। यह देश के प्रति साजिश का पर्दाफाश होने के साथ ही कांग्रेस की बहुत खतरनाक मंशा है। यह शर्मनाक और निंदनीय बयान भारत जैसे सनातन देश में 140 करोड़ भारतवासियों को अपमानित करने वाला है।राम मंदिर से जुड़े सैम पित्रोदा के बयान पर योगी ने खरी-खरी सुनाई। उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा अपनी बुद्धि अपने पास ही रखें। उनके जैसे बुद्धिमान लोग कांग्रेस को मुबारक हों। राम और राष्ट्र को राष्ट्रवादी एक-दूसरे के पूरक मानते हैं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम भारत राष्ट्र के सांस्कृतिक एकता के आधार हैं। भारत का मूल चरित्र राम की चेतना से नई संजीवनी प्राप्त करता है।

Share
पढ़ें   ब्रेकिंग : BJP नेता देवजी ने करा दिया CM भूपेश का टिकट...बोले-'राजस्थान जाइये...वहाँ भी मुआवजा दीजिये'