प्रमोद मिश्रा
नवा रायपुर, 16 जून 2025
छत्तीसगढ़ की अग्रणी उच्च शिक्षण संस्था कलिंगा विश्वविद्यालय ने शिक्षा और उद्योग साझेदारी को एक नई ऊंचाई पर पहुंचाते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों और दो/तीन पहिया ऑटोमोबाइल्स के क्षेत्र में दो नए उत्कृष्टता केंद्र (Centre of Excellence) का उद्घाटन किया। ये केंद्र गोदावरी इलेक्ट्रिक मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड और जस्टऑटो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद कुलपति डॉ. आर. श्रीधर ने स्वागत भाषण दिया और कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर पीपीटी के माध्यम से प्रकाश डाला।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे सीजीपीयूआरसी अध्यक्ष प्रो. डॉ. विजय कुमार गोयल। विशिष्ट अतिथियों में गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक सिद्धार्थ अग्रवाल, जस्टऑटो सॉल्यूशंस के सीईओ नवीन चंद्र शर्मा, एएसडीसी से लोकेश, और कानूनी सलाहकार डॉ. मेघा ओझा प्रमुख रहे।
नए केंद्रों का उद्देश्य छात्रों को 21वीं सदी की इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक और ऑटोमोटिव सिस्टम में व्यावहारिक दक्षता देना है। इससे छात्र न केवल उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, बल्कि उद्योग जगत के लिए तैयार तकनीकी समाधानकर्ता भी बनेंगे।
यह पहल ऑटोमोटिव स्किल डेवलपमेंट की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है, जो छात्रों को रोजगारपरक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में मदद करेगी।
कलिंगा विश्वविद्यालय के परिसर में पहले से ही पांच उत्कृष्टता केंद्र संचालित हैं, जिनमें बॉश, आईबीएम, टेक्नोविज़, बीडीएस, और IamSMEofIndia जैसे नामी संस्थानों की साझेदारी है। अब इन दो नए केंद्रों के साथ विश्वविद्यालय ने अनुभवात्मक शिक्षा और उद्योग अनुकूल प्रशिक्षण के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और सशक्त किया है।
कार्यक्रम का समापन डॉ. राहुल मिश्रा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिन्होंने सभी अतिथियों, फैकल्टी और स्टाफ को कार्यक्रम की सफलता में योगदान के लिए धन्यवाद दिया।
नया रायपुर स्थित कलिंगा विश्वविद्यालय शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करते हुए छात्रों के समग्र विकास और सामुदायिक साझेदारी को सशक्त बना रहा है|





